पुलवामा हमले के बाद भारत की संभावित जवाबी कार्रवाई से डरे पाकिस्तान ने युद्ध के मोर्चों पर अपनी तैयारी शुरू कर दी है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में कई गांव खाली कराए गए हैं. इसके साथ ही लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है. मिली जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान ने एलओसी के पास लोगों की आवाजाही रोक दी है.
पाकिस्तान ने पीओके के 127 गांवों में अलर्ट भी जारी किया है. इसके साथ ही मिलिट्री अस्पताल में आकस्मिक स्थिति के लिए बेड की संख्या में इजाफे के साथ ही सिविल अस्पतालों को घायल जवानों के लिए 25 फीसदी बेड रिजर्व रखने को कहा गया है. और यही नहीं निजी अस्पतालों को भी 25 प्रतिशत बेड आरक्षित रखने के साथ-साथ जरूरी सुविधाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं.
गुरुवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की तो कुछ समय बाद राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक कर सेना को अलर्ट कर दिया गया. पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में नियंत्रण रेखा (LoC) के करीब रहने वाले गांव के लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है.