पुलवामा आतंकी हमले के बाद अब BCCI ने क्रिकेट विश्व कप से पाकिस्तान को बाहर करने की कोशिश शुरू कर दी है. इस कड़ी में BCCI अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद को खत लिखकर पाकिस्तान टीम को विश्व कप से बाहर करने की मांग करेगा. क्रिकेट प्रशासकों की समिति के चेयरमैन विनोद राय ने BCCI के सीईओ राहुल जौहरी से ICC को खत लिखने के लिए कहा है.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राहुल जौहरी इस पत्र में पुलवामा हमले के बाद देश में गुस्से के माहौल का हवाला देंगे और अपील करेंगे कि पाकिस्तान को क्रिकेट विश्व से बाहर किया जाए. क्योंकि ऐसे माहौल में भारत को पड़ोसी मुल्क के साथ क्रिकेट नहीं खेलना चाहिए. जौहरी 27 फरवरी को ICC के प्रस्तावित कार्यक्रम में यह मांग उठा सकते हैं. साथ ही शुक्रवार को बीसीसीआई के सीईओ खेल प्रशाशकों की समिति के साथ बैठक भी कर सकते हैं.
पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की ओर से पुलवामा में 14 फरवरी को की गई आतंकी वारदात में CRPF के 40 जवान शहीद हो गए थे. इस हमले के बाद भारत के तमाम पूर्व क्रिकेटरों ने पाकिस्तान के साथ क्रिकेट नहीं खेलने की इच्छा जताई है. इसमें हरभजन सिंह से लेकर पूर्व कप्तान सौरव गांगुली, चेतन चौहान, गौतम गंभीर और पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन के नाम शामिल हैं.