मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आज एक बार फिर रॉबर्ट वाड्रा से ED की पूछताछ होगी. मंगलवार को इस पूछताछ के लिए रॉबर्ट वाड्रा ईडी के सामने पेश नहीं हुए. क्योंकि वो फूड पॉइजनिंग से पीड़ित हैं. इसी के बाद ईडी ने उन्हें समन भेजा है और बुधवार को पूछताछ के लिए पेश होने के आदेश दिए हैं. ED ने 19 लाख पाउंड कीमत वाली एक संपत्ति के मामले में पूछताछ के लिए दोबारा समन भेजा है. वाड्रा से दिल्ली के जामनगर हाउस स्तिथ ED के दफ़्तर में पूछताछ होगी.
रॉबर्ट वाड्रा प्रवर्तन निदेशालय के दफ्तर पहुंच गए हैं. मामले में ईडी के अधिकारी आज छठी बार वाड्रा से पूछताछ कर रहे हैं. लंदन में स्थित कई बेनामी सम्पतियों के मामले में ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में मामला दर्ज किया था. आर्म्स डीलर संजय भंडारी के साथ कारोबारी रिश्ते और उससे मिले प्रॉफिट के मसले पर भी ईडी पूछताछ कर सकती है.
हालांकि ED फिलहाल रॉबर्ट वाड्रा को गिरफ्तार नहीं कर सकती है क्योंकि कोर्ट की तरफ से उन्हें 2 मार्च तक अंतरिम जमानत मिली हुई है. इससे पहले ईडी ने वाड्रा से इस मामले में 6, 7 और 9 फरवरी को कई घंटों तक पूछताछ की थी. उनसे बीकानेर जमीन मामले में भी ईडी ने जयपुर में दो बार पूछताछ की थी.