Delhi Vidhansabha Chunav 2024: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी है। गुरुवार को आप ने अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट भी जारी कर दी, जिसमें बीजेपी और कांग्रेस के बागी 6 नेताओं को टिकट दिया गया। इसी के साथ तीन मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए गए। जिसके बाद पार्टी में बगावती सुर देखने को मिल रहे हैं। विधायक ऋतुराज झा का कहना है कि मैं टिकट कटने के बाद भी अपनी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडूंगा।
किराड़ी से लगातार दो बार चुनाव जीत चुके ऋतुराज झा ने एक निजी मीडिया हाउस को दिए साक्षात्कार में कहा कि वह 2025 में भी विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। किराड़ी में बीजेपी छोड़कर आप में शामिल हुए अनिल झा को इस बार पार्टी ने टिकट दिया है। जिसके बाद आप नेता ने बागी तेवर अपनाने शुरू कर दिए हैं।
ऋतुराज झा ने कहा कि पार्टी अरविंद केजरीवाल की है और टिकट भी अरविंद केजरीवाल का है। उन्होंने टिकट दिया और उन्होंने ही काट दिया। जब ऋतुराज से पूछा गया कि क्या वह चुनाव लड़ने जा रहे हैं? तो इसके जवाब में उन्होंने कहा ‘योद्धा कभी मैदान नहीं छोड़ते, वह लड़ते हैं और जीत जाते हैं। हम तीसरी बार किराड़ी से विधायक चुने जाएंगे।
जब उनसे निर्दलीय चुनाव लड़ने पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा ‘ऐसा मैंने नहीं कहा है। मैंने सिर्फ यह कहा है कि मैं चुनाव लडूंगा। वहीं, अनिल झा को लेकर उन्होंने कहा कि ‘उस आदमी के लिए प्रचार क्यों करेंगे जिससे 10 साल लड़े हैं।
अनिल झा बनाम ऋतुराज झा
बता दें कि, पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो साल 2015 और 2020 के चुनावों में अनिल झा को हराकर ऋतुराज झा चुनाव जीते थे। वह लगातार 10 साल से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। लेकिन अब टिकट कटने के बाद से वह आगबबूला हो चुके हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि 10 साल के कार्यकाल के दौरान किराड़ी में विरोधी लहर काफी ज्यादा हो गई है। जिसकी वजह से पार्टी ने ऋतुराज का टिकट काट दिया है।