Maharashtra: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले हुए कैश कांड में बीजेपी महासचिव विनोद तावड़े ने एक्शन लिया है। बीजेपी नेता ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को 100 करोड़ रुपए का मनाहानि नोटिस भेजा है। बीजेपी नेता का कहना है कि मुझे और पार्टी को बदनाम करने की साजिश हुई है। कहा गया है कि मैंने 5 करोड़ रुपए बांटे हैं।
उन्होंने कहा कि मुझे बदनाम करने की साजिश बड़े स्तर पर हुई है। मैं कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत को भी लीगल नोटिस भेजने की तैयारी कर रहा हूं। इन नेताओं को जनता के बीच माफी मांगनी चाहिए, नहीं तो कोर्ट की कार्रवाई के लिए तैयार रहें। मेरे जैसे सामान्य परिवार से आए नेता के साथ ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है। मेरे साथ मेरी पार्टी को अफवाह फैलाकर बदनाम किया गया।
महाराष्ट्र चुनाव में मतदान से एक दिन पहले 19 नवंबर को महाविकास अघाड़ी ने तावड़े पर 5 करोड़ रुपए बांटने का आरोप लगाया था। एमवीए नेता हितेंद्र ठाकुर और उनके बेटे क्षितिज 19 नवंबर विरार के होटल पहुंचे थे। यहां तावड़े नालासोपारा से बीजेपी प्रत्याशी राजन नाइक और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग कर रहे थे। एमवीए ने आरोप लगाया था कि तावड़े 5 करोड़ रुपए लेकर होटल पहुंचे थे और यहां मतदाताओं को पैसे बांटे जा रहे थे।
बीजेपी महासचिव ने कांग्रेस नेताओं को जारी किए नोटिस की प्रतियां शेयर करते हुए एक्स पर लिखा, कांग्रेस का एक ही काम है झूठ फैलाना! नालासोपारा वाले झूठे मामले में मैंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत को मानहानि का नोटिस भेजा है, क्योंकि उन्होंने इस मामले में झूठ फैलाकर मेरी और भारतीय जनता पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने का काम किया है।
Read Also: http://Delhi Chunav: आम आदमी पार्टी की पहली लिस्ट जारी, कांग्रेस और बीजेपी के 6 बागी नेताओं को टिकट
महाराष्ट्र में 20 नवंबर, 2024 को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुए, लेकिन उससे ठीक एक दिन पहले भारतीय जनता पार्टी के महासचिव विनोद तावड़े के ऊपर वोट के लिए पैसे बांटने के गंभीर आरोप लगे। उन पर यह आरोप लगाया गया कि वह मुंबई के एक होटल में पांच करोड़ रुपए लेकर मतदाताओं को बांटने के लिए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों को खारिज करते हुए विनोद तावड़े ने कहा था कि उन्हें चुनाव से जुड़े नियम अच्छी तरह से पता है और वह बेवकूफ नहीं है कि राजनीतिक विरोधी के होटल में ऐसा काम करेंगे।