वर्ल्ड कप में टीम इंडिया पाकिस्तान के खिलाफ अपने मैच का बहिष्कार का फैसला CoA ने सरकार पर छोड़ दिया है. CoA प्रमुख विनोद राय ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ खेलने या न खेलने का जो भी निर्देश सरकार उन्हें देगी BCCI उसे ही मानेगा. इस मुद्दे पर सरकार से चर्चा के बाद ही कोई फैसला होगा.
दरअसल टीम इंडिया के पाकिस्तान के साथ खेलने पर फैसले के लिए CoA ने आज खास मीटिंग बुलाई थी. मीटिंग के बाद सीओए ने कहा कि इस मामले पर फैसला सरकार के साथ विचार करने के बाद लिया जाएगा. अभी इसमें 3 महीने का वक्त है.
राय ने ये भी कहा कि अभी ये फैसला लिया गया है कि ICC को हम पाकिस्तान से जुड़ी अपनी चिंताएं बताएंगे. आतंक को समर्थन देनेवाले देशों के साथ भविष्य में संबंध न रखा जाए, इस पर भी ICC बैठक में चर्चा की जाएगी.
बता दें कि इसी साल 30 मई से इंग्लैंड विश्व कप का आगाज होने जा रहा है. और ऐसे में सभी की नजरें भारत और पाकिस्तान के बीच 16 जून को होने वाले मैच में टिकी हैं.
गौरतलब है कि पुलवामा में सीआरपीएफ पर हुए आतंकवादी हमले के बाद में ही देश में पाकिस्तान के साथ पूरी तरह से क्रिकेट संबंध तोड़ने की मांग उठने लगी और विश्व कप में पाकिस्तान का बहिष्कार करने पर जोर दिया जाने लगा.