पंजाब पुलिस के पूर्व एसपी सलविंदर सिंह को एक स्थानीय अदालत ने रेप केस में 10 साल की सजा सुनाई है. कोर्ट ने सलविंदर पर 1.7 लाख रुपये जुर्माना भी लगाया. सलविंदर सिंह को कोर्ट ने 15 फरवरी को दोषी ठहराया था.
दरअसल सलविंदर पर एक महिला ने आरोप लगाया था कि वो उसके पति से जुड़े एक केस की जांच कर रहा था और केस से बरी करने के एवज में सलविंदर ने उससे 50 हजार रुपये घूस मांगी और यौन शोषण किया.
तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने सलविंदर के खिलाफ जांच का आदेश दिया था. इसके बाद पांच महिला पुलिसकर्मियों ने भी सलविंदर के खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाया. बता दें सलविंदर वही अधिकारी है जिसे 2016 के पठानकोट हमले में NIA ने पूछताछ की थी. हालांकि बाद में उसे क्लीन चिट दे दी थी.
बता दें कि सलविंदर के खिलाफ रेप जैसे दो गंभीर मामलों में एफआईआर दर्ज होने और पांच अन्य मामलों में चार्जशीट दाखिल होने के बाद पंजाब सरकार ने उसे नवंबर 2017 में जबरन रिटायरमेंट दे दिया था.