मेनका गांधी का इस्कॉन ट्रस्ट पर गंभीर आरोप..गायों को बेचते हैं कसाईयों को

पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद मेनका गांधी ने इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस यानी इस्कॉन पर अपनी गोशाला की गायों को कसाइयों को बेचने के आरोप लगाए हैं।

भाजपा सांसद मेनका गांधी ने कहा, मैं अनंतपुर गोशाला गई थी, जो इस्कॉन संचालित करता है। वहां पर गायों की स्थिति एकदम खराब थी। गोशाला में कोई भी बछड़ा नहीं था, जिसका मतलब है कि वह गाय के बच्चे को बेच देते हैं। मेनका का आरोप है कि संस्थान इन गोवंशों को कसाइयों को बेच देता है जो उन्हें मार देते हैं। मेनका का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मेनका गांधी का यह वीडियो तकरीबन एक महीने पुराना है।

क्या कहती है इस्कॉन

वहीं इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्ण कॉन्शसनेस (ISKCON) के कम्युनिकेशंस डायरेक्टर वृजेंद्र नंदन दास ने बीजेपी सांसद मेनका गांधी के बयान की निंदा की है, उन्होंने कहा, इस्कॉन मेनका गांधी के दिए गए झूठे बयानों की निंदा करता है। उन्होंने आधारहीन बयान दिया है। इस्कॉन की अनंतपुर गोशाला में 240 से ज्यादा गायें हैं, जो बिल्कुल दूध नहीं देतीं, वहां सिर्फ 18-19 गायें ही दूध देती हैं। सभी गायों की बहुत ही प्रेम से देखभाल की जाती है।

दास ने बताया कि गोशाला का दौरा करने पहुंचे डीएम, सांसद, विधायक और स्वास्थ्य अधिकारियों ने भी कहा कि मेनका गांधी का बयान बिल्कुल गलत है। उन्होंने मेनका गांधी से पूछा कि पहले तो वो ये बताएं कि वो गोशाला कब गई थीं।

उन्होंने कहा, उन्हें (मेनका गांधी) पता होना चाहिए कि इस्कॉन एक चैरिटेबल ट्रस्ट है और 50 साल से ज्यादा वक्त से सनातन धर्म की सेवा कर रहा है। गोमाता हमारी मां है। हम पूरी दुनिया में गोमाता की सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखते हैं। भारत भर में हमारी 60 गोशालाएं हैं। आप कहीं भी जा कर चेक कर सकते हैं कि हम कितने अच्छे से गाय का ख्याल रखते हैं।

इसके अलावा दास ने आगे कहा, बीजेपी नेता ने जो आरोप लगाया है वो असहनीय है। इससे लोग बेहद आहत हैं। इन आरोपों के पीछे क्या मंशा है ये तो वही बता सकती हैं. हम इंसान हैं, हम बस अपने मन की बात जान सकते हैं न कि दूसरे की, लेकिन उन्होंने जो बयान दिया उसका हम खंडन करते हैं।

अमेरिका में हुई थी इस्कॉन की स्थापना

इस्कॉन अमेरिका द्वारा रजिस्टर्ड संस्था है। दुनिया में पहला इस्कॉन मंदिर भारत नहीं बल्कि अमेरिका में स्थापित किया गया था। साल था 1966, जब न्यूयॉर्क शहर में श्रीकृष्ण कृपा श्रीमूर्ति श्री अभय चरणारविन्द भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद ने पहले इस्कॉन मंदिर का निर्माण करवाया था। स्वामी प्रभुपाद का जन्म भारत के कलकत्ता में हुआ था, बाद में वो अमेरिका में बस गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *