Haryana Monsoon Session: नूंह हिंसा को लेकर सदन में हंगामा, विज बोले- कांग्रेस का सब किया धरा

Haryana Monsoon Session:हरियाणा विधानसभा मानसून सत्र के दूसरे दिन नूंह हिंसा को लेकर जमकर हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने चर्चा के लिए शर्त रखी। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने मामला कोर्ट में बताकर चर्चा से मना कर दिया। प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सब कांग्रेस का किया धरा है। जांच में कांग्रेस विधायक मामन खान का नाम सामने आया।

अनिल विज ने नूंह पर बोलते हुए कहा कि हिंसा में कांग्रेस का हाथ है। पुलिस ने जांच के लिए झिरका विधायक मामन खान को नोटिस थमाया है। कांग्रेस विधायक को लेकर कुछ सुबूत मिले हैं। कांग्रेस का नाम सामने आने के बाद भूपेन्द्र सिंह हुड्डा भड़क उठे। हुड्डा का कहना है कि जब कांग्रेस का नाम सामने आ गया है तो इस विषय पर चर्चा होनी चाहिए।

सदन स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि इसे डिलीट कर दिया जाएगा। फिलहाल मामला कोर्ट में है तो इस पर बहस नहीं होगी। लेकिन इससे पहले कांग्रेस ने नूंह हिंसा पर बहस के लिए कुछ मांगें रखी। कांग्रेस का कहना है कि सदन में काम रोको प्रस्ताव के तहत चर्चा होनी चाहिए। हाईकोर्ट के किसी सीटिंग जज से नूंह हिंसा की जांच करानी चाहिए।

वहीं, बीजेपी विधायक सत्यप्रकाश जरावता और असीम गोयल ने नूंह हिंसा को लेकर कहा कि इस पर चर्चा होनी चाहिए। कांग्रेस विधायक मामन खान ने कहा था कि प्याज की तरह छिल देंगे। जब सदन में इनकी भाषा ऐसी है तो बाहर किस तरह की भाषा रही होगी। हम चर्चा के लिए तैयार है। हालांकि, सदन स्पीकर ने अनुमति नहीं दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *