एनडीए के सहयोगी रहे शिअद और इनेलो विपक्ष के I.N.D.I.A गठबंधन में हो सकते हैं शामिल, कैथल में साथ दिख सकते हैं ये दिग्गज

नई दिल्लीःलोकसभा चुनाव-2024 जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है राजनीतिक दलों की सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। लोकसभा चुनाव को देखते हुए 26 राजनीतिक दलों के बीच हुआ गठबंधन कितना गुल खिलाएगा ये तो समय बताएगा, लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(एनडीए) को घेरने और सियासी मात देने के लिए विपक्षी दल कोई मौका नहीं गंवाना चाहते हैं। यही वजह है कि भविष्य की रणनीति को लेकर मुंबई में होने वाली विपक्षी गुट इंडिया (I.N.D.I.A.) की बैठक को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि बैठक में गठबंधन के लोगो (Logo) का अनावरण और सीटों के बंटवारे सहित कई अन्य मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। खास बात यह भी है कि मुंबई में 31 अगस्त से शुरू होने वाले विपक्षी गठबंधन इंडिया के दो दिवसीय सम्मेलन में कुछ और क्षेत्रीय दलों के भी शामिल होने की चर्चा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एनडीए का हिस्सा रह चुके राजनीतिक दलों पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की खास नजर है। रविवार को नीतीश ने इस बात के संकेत देते हुए कहा था कि 31 अगस्त-1 सितंबर को मुंबई में होने वाली विपक्षी गठबंधन इंडिया की तीसरी संयुक्त बैठक के दौरान कुछ और राजनीतिक दलों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने यह भी कहा था कि उनकी कुछ बनने या पद पाने की इच्छा नहीं है। वो बस सबको एक करना चाहते हैं।

चौधरी देवीलाल की जयंती पर हरियाणा के कैथल में एक साथ नजर आ सकते हैं ये चेहरे

बताया जा रहा है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने विपक्षी गठबंधन में शामिल होने के लिए राजग के पूर्व सहयोगी शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) से संपर्क किया है और मुंबई में होने वाली बैठक में नीतीश इन दोनों दलों को गठबंधन में शामिल करने का प्रस्ताव भी रख सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, पूर्व उपप्रधानमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल के संस्थापक चौधरी देवीलाल की जयंती पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल हरियाणा के कैथल में आयोजित होने वाली रैली में शामिल हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *