नई दिल्लीः भारत के चंद्रयान-3के लैंडर ने बुधवार को जैसे ही सफलतापूर्वक चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग की, इतिहास के पन्नों ने तुरंत सुनहरे अक्षरों में इस कामयाबी को दर्ज कर लिया। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स (पहले ट्विटर) पर खास से लेकर आम आदमी तक इसरो (भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन) को इस कामयाबी के लिए बधाई देने लगा, लेकिन इसी बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा और लोग उन्हें ट्रोल करने लगे। दरअसल, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चंद्रयान-3की सफलता पर बोल रही थीं और इसी दौरान भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा की जगह फिल्म निर्माता राकेश रोशन का नाम लेते हुए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ हुई उनकी बातों का जिक्र करने लगीं।
सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों की ओर से मैं इसरो को अग्रिम बधाई देती हूं। वैज्ञानिकों को श्रेय मिलना ही चाहिए। इसका श्रेय देश को जाना चाहिए। जब राकेश रोशन चंद्रमा पर उतरे थे, तो तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने उनसे पूछा था कि वहां से भारत कैसा दिखता है।
दरअसल, यहां ममता राकेश शर्मा की जगह गलती से फिल्म निर्माता राकेश रोशन का नाम बोल गईं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद ममता सोशल मीडिया पर लोगों के निशाने पर आ गईं और लोग उन्हें ट्रोल करने लगे। हालांकि, बाद में ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि चंद्रयान-3 की जय हो। इसकी शानदार सफलता की जय हो…इसरो की जय हो। हमारे देश की शानदार उपलब्धि की जय हो। उन्होंने आगे लिखा कि भारत अब अंतरिक्ष की सुपर लीग में है। आइए हम इस गौरवशाली क्षण का जश्न मनाएं और ज्ञान एवं अनुप्रयोगों के अग्रिम क्षेत्रों में भारत की और प्रगति के लिए प्रार्थना करें। जय भारत, जयहिंद।
बता दें कि राकेश शर्मा अंतरिक्ष जाने वाले पहले भारतीय थे, जबकि अंतरिक्ष में जाने वाले 128वें इंसान थे। राकेश शर्मा वर्ष 1984 में अंतरिक्ष यात्रा पर गए थे। वहीं, अपने जमाने के मशहूर अभिनेता राकेश रोशन वर्तमान में एक सफल फिल्म निर्माता के तौर अपनी पहचान बना चुके हैं। राकेश रोशन फिल्म अभिनेता ऋतिक रोशन के पिता हैं।