नई दिल्लीःहरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को आयुष्मान भारत योजना को लेकर बड़ी घोषणा की है। यमुनानगर के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने जनसंवाद कार्यक्रम में कहा कि 1.80 लाख रुपये से 3 लाख रुपये तक तक की वार्षिक आय वाले परिवारों को भी अब आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिलेगा। लाभार्थी परिवार 1500 रुपये जमा कर इस योजना के तहत लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड बनवाने के लिए 15 अगस्त से पोर्टल खोला जाएगा।
हरियाणा ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। राज्य के 30 लाख परिवार पहले से ही आयुष्मान योजना का लाभ ले रहे हैं। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद अब 8 लाख और परिवार आयुष्मान योजना से जुड़ जाएंगे। इस तरह हरियाणा के कुल 38 लाख परिवार इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
मनोहर सरकार की निरोगी हरियाणा योजना भी लोगों के आ रही बहुत काम
मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा नवंबर 2022 में शुरू की गई निरोगी हरियाणा योजना के तहत पूरे प्रदेश में 13 लाख 70 हजार लोगों का मुफ्त में हेल्थ चेकअप किया जा चुका है। इस योजना में 1.80 लाख रुपये सालाना आय वाले अंत्योदय परिवार शामिल किए गए हैं। इसका मतलब ऐसे परिवार जिनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, जो बमुश्किल अपना जीवनयापन कर रहे हैं। लाखों रुपये खर्च कर इलाज कराना जिनके लिए आसान नहीं है। ऐसे लोगों को भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपनी इस योजना से हिम्मत दी। निरोगी हरियाणा योजना से उन्हें बहुत राहत मिली है क्योंकि उनके इलाज में अब आर्थिक तंगी बाधा नहीं बनती।