Nitin Desai: देसाई आत्महत्या मामले में जुटी पुलिस को मिला ऑडियो क्लिप, ऑडियो में चार लोगों का है जिक्र

मुंबई: आर्ट डायरेक्टर नितिन चंद्रकांत देसाई ने आज कर्जत के एनडी स्टूडियो में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महाराष्ट्र के विधायक महेश बाल्दी के मुताबिक, देसाई आर्थिक तंगी में चल रहे थे जिसके कारण उन्होंने अपनी जिंदगी को खत्म करने का फैसला ले लिया। हालांकि पुलिस इसके पीछे की वजह तलाशने में जुटी हुई है। इस दौरान पुलिस को देसाई के मोबाइल से एक ऑडियो क्लिप मिला है जिसमें चार लोगों का नाम है।

सुसाइड से पहले देसाई ने रिकॉर्ड किया था ऑडियो

दरअसल, नितिन देसाई आत्महत्या मामले की जांच कर रही रायगढ़ पुलिस ने नितिन देसाई का मोबाइल कब्जे में ले लिया है, जिसमें एक ऑडियो क्लिप मिला है। इस ऑडियो क्लिप में चार नामों का जिक्र है। बताया जा रहा है देसाई ने यह ऑडियो क्लिप सुसाइड करने से पहले रिकॉर्ड किया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सुसाइड से पहले ऑडियो क्लिप में जिन चार लोगों का नाम नितिन देसाई ने लिया है उनसे जल्द पूछताछ की जाएगी।

चार लोगों को समन भेजेगी पुलिस

पुलिस ने मोबाइल फोन को फोरेंसिक टीम के पास भेज दिया है। वहीं कागज़ी कार्यवाही पूरी होने के बाद सभी चार लोगों को पुलिस समन भेजेगी। साथ ही साथ जांच में जुटी पुलिस ये भी पता लगा रही है कि फोन से कोई डेटा मिसिंग तो नहीं। रायगढ़ के एसपी सोमनाथ घारघे ने बताया कि रायगढ़ के खालापुर पुलिस स्टेशन में एक्सिडेंटल डेथ रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर ली गई है। इसके अलावा फोरेसिंक की टीमें और डॉग स्क्वॉड भी मौके पर मौजूद है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई ने आज सुबह कर्जत के एनडी स्टूडियो में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, वे बीती रात ही दिल्ली से लौटे थे। रात 10 बजे वे कमरे में सोने के लिए गए थे। जब सुबह 9 बजे वह बाहर नहीं आए तो दरवाजा खटखटाया गया, लेकिन फिर भी उधर से कोई उत्तर नहीं मिला। जब खिड़की से देखा गया तो उन्हें फंदे से लटकता पाया गया जिसके बाद पुलिस को सुचित किया गया।

250 करोड़ का था कर्ज

उनके आत्महत्या के पीछे की वजह आर्थिक तंगी बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, नितिन देसाई आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। उन्होंने बैंक से 180 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था जो कि ब्याज़ के साथ लगभग 250 करोड़ रुपये हो गया था। देसाई ने जिस कंपनी से कर्ज लिया था उसने वसूली के लिए लीगल कदम भी उठाए थे। सूत्रों के मुताबिक कंपनी ने कलेक्टर को भी पत्र लिखा था और मांग की थी कि वसूली के लिए नितिन देसाई का स्टूडियो जब्त किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *