नई दिल्ली:अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर तमाम राजनीतिक पार्टियां सियासी चौसर पर अपनी चाल चलने लगी हैं। भाजपा नीत एनडीए को परास्त करने के लिए कांग्रेस ने अन्य विपक्षी दलों के साथ मिलकर जहां यूपीए की जगह इंडिया नाम से गठबंधन बनाया है, तो वहीं भाजपा ने 26दलों के गठबंधन इंडिया के खिलाफ 38दलों को एनडीए के कुनबे से जोड़कर चुनाव से पहले ही गठजोड़ की राजनीति में पहली बाजी मार ली है। खैर, सवाल यह भी है कि क्या विपक्षी दलों का नया गठबंधन इंडिया (I.N.D.I.A) 2024की तस्वीर बदलने में कामयाब होगा। मोदी की लोकप्रियता का काट विपक्ष कैसे खोजेगा। क्योंकि विपक्ष में फिलहाल कोई ऐसा चेहरा नजर नहीं आ रहा जो मोदी को प्रधानमंत्री पद के लिए टक्कर दे सके।
2024में होने वाले लोकसभा चुनाव में कौन बाजी मारेगा ये तो चुनाव के परिणाम ही बताएंगे, लेकिन उससे पहले इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने जनता के बीच सर्वे कर यह जानने की कोशिश की है कि अगर अभी लोकसभा चुनाव हुए तो एनडीए और इंडिया को कितनी सीटें मिलेंगी। अगले साल देश का प्रधानमंत्री कौन बनेगा? इन तमाम सवालों के बीच जनता की राय जानने के लिए इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने ओपिनियन पोल किया है। इसके जो नतीजे आए हैं उसमें एक बार फिर भाजपा को बढ़त मिलती दिख रही है। फिलहाल इस ओपिनियन पोल में लोकसभा की 543में से 367सीटों के नतीजे बताए गए हैं। इन 367सीटों में से एनडीए 214तो, वहीं इंडिया को 116और अन्य दलों को 37सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।
इस बार महाराष्ट्र की लड़ाई काफी दिलचस्प है। क्योंकि महाराष्ट्र की राजनीति के दो बड़े चेहरे उद्धव ठाकरे और शरद पवार दोनों की पार्टी टूट चुकी है। हालांकि, ओपिनियन पोल के नतीजों के अनुसार यहां लड़ाई काफी दिलचस्प होने वाली है। महाराष्ट्र की कुल 48 सीटों के जो नतीजे आए हैं उसके अनुसार भाजपा को 20 सीटें, शिवसेना (शिंदे गुट) को 2 सीट, शिवसेना(उद्धव गुट) को 11 सीटें, कांग्रेस को 9सीटें, शरद पवार की एनसीपी को 4 और अजित पवार की एनसीपी को 2सीटें मिल सकती हैं।