पटना: गृह मंत्री अमित शाह आज बिहार दौरे पर हैं। 2 महीने में शाह दूसरी बार बिहार दौरे पर आए हैं। इस दौरान उन्होंने लखीसराय में जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने भारत माता के जयकारे लगाकर की। और कहा कि लखीसराय वालों इतना जोर से बोलिये कि पटना तकआवाज सुनाई दे।ताकि उनको मालूम हो कि लखीसराय में भाजपा वाले जुटे हुए हैं।इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ,केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय समेत कई नेता मौजूद रहे।
शाह सभी 40 सीटों को जीतने का लिया प्रण
आगामी लोकसभा चुनाव पर अमित शाह ने कहा कि 2024 में बिहार की सभी 40 सीटों को जीतने का प्रण लेकर मुट्ठी बांधिए और जोर से बोलिए- भारत माता की जय।इस दौरान बारिश और आंधी के बीच आए लोगों का अभिवादन करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मेरे जिगर के टुकड़े जैसे युवाओंपटना उतरा तो बताया गया कि बारिश और आंधी है। मुंगेर नहीं जा पाएंगे। मगर, अशोक धाम के भोले बाबा की कृपा है कि आप लोगों के दर्शन हो रहे हैं।
मैं हाथ जोड़कर प्रणाम करने आया हूं- शाह
इसके साथ ही उन्होंने पीएम मोदी के कार्यकाल को नौ साल पूरे होने पर कहा कि देश के प्रधानमंत्री मोदी जी के नौ साल समाप्त हुए। देश की जनता का धन्यवाद करने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता हर लोकसभा में धन्यवाद करने गए। मैं भी हाथ जोड़कर मुंगेर के लोगों को हाथ जोड़कर प्रणाम करने आया हूं।बिहार की जनता ने 2014 में 31 और 2019 में 39 सीटें प्रधानमंत्री मोदी को दी।2024 में सभी की सभी 40 सीटें कमल के निशान को देने का काम कीजिए।आपके आशीर्वाद से मोदी 9 साल से प्रधानमंत्री हैं।
सीएम नीतीश पर शाह का तंज
सीएम नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा किअभी-अभी पलटू बाबू पूछ रहे थे कि नौ साल में क्या किया?अरे नीतीश बाबू, जिनके साथ इतना बैठे हो, जिनके कारण मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे हो- उनका तो लिहाज करो।गरीब कल्याण के नौ साल, भारत गौरव के नौ साल हैं।भारत की सुरक्षा के नौ साल का शासन है।नीतीश बाबू आज मैं पूरा हिसाब देने आया हूं।
हर कोई बिहार आने के लिए स्वतंत्र- नीतीश कुमार
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार आने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हर कोई राज्य में आने के लिए स्वतंत्र है। हालांकि, वे समान नागरिक संहिता पर कुछ बोलने से बचते रहे। इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों की एकता को लेकर पूछे प्रश्न का भी हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया।
शाह के विरोध में पोस्टर
बता दें कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे पर आने को लेकर सियासी बवाल मचा हुआ है। पटना में अमित शाह के विरोध में पोस्टर लगे हैं जिसके जरिए केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा गया है। शाह के विरोध के लगाए गए पोस्टर के जरिए केंद्र से सवाल पूछे गए हैं कि अमित शाह जी का बिहार की धरती पर स्वागत है, लेकिन बताएं कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा क्यों नहीं दिया जा रहा है? इसके अलावा एक पोस्टर में लिखा है कि कब तक CBI और ED को लगाकर कायरों की राजनीति करेंगे है? वैसे ही तीसरे पोस्टर में लिखा गया है कि अमित शाह जी यह बताएं कि मणिपुर क्यों जल रहा है? पूछता है बिहार।