Haryana: आगामी दिनों में क्या हरियाणा की सियासत में कोई बड़ा खेला होने जा रहा है संकेत तो कुछ ऐसे ही मिल रहे हैं। आज रोहतक स्थित अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने गठबंधन को लेकर दो टूक कहा कि बीजेपी आगामी 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव अकेले सभी सीटों पर लड़ेगी। जिसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने कमर कसनी शुरू कर दी।
अकेले चुनाव लड़ेगी बीजेपी- ग्रोवर
मीडिया से बातचीत के दौरान मनीष ग्रोवर ने कहा कि सीएम मनोहर लाल और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के बीच गठबंधन है और वह दोनों प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं लेकिन जहां तक आगे तक गठबंधन चलने की बात है तो गठबंधन पर उन्होंने यह कहते हुए विराम लगा दिया कि बीजेपी प्रदेश में साल 2014से लेकर साल 2019में भी किसी भी गठबंधन के साथ चुनाव नहीं लड़ा था और उसी प्रक्रिया के तहत आने वाले 2024 के चुनाव में भी पार्टी स्वतंत्र रूप से अपने उम्मीदवारों के साथ चुनाव लड़ने जा रही है।
प्रत्याशियों का फैसला आलाकमान करेगा
आगे जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि अभी इस बात पर फैसला होना बाकी है किवर्तमान के सभी विधायक और सांसद आगामी चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इसका फैसला प्रदेश और केंद्र का संगठन करेगा। फिलहाल कई दिनों से चल रही गठबंधन को लेकर रस्साकशी पर बीजेपी उपाध्यक्ष ने विराम लगा दिया। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी के कारण विदेशों में देश की जो साख बनी है और देश में जो विकास की गंगा बही है उसी के बलबूते पर बीजेपी फिर केन्द्र में सरकार बनाने जा रही है।