पटना: पिछले एक हफ्ते से प्रचंड गर्मी से राहत मिलने के बाद लोगों को अब फिर आसमान से बरस रहे आग का सामना करना पड़ रहा है। लगभग एक हफ्ते तक बारिश और मौसम सुहाना होने के कारण लोगों को बहुत राहत मिली लेकिन अब फिर तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बढ़ते तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए कुछ जिलों में अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही लू को लेकर सावधानी बरतने की भी अपील की है।
इन जिलों में हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग द्वारा, पटना, पूर्णिया, औरंगाबाद, नवादा, शेखपुरा, खगड़िया, अररिया, बक्सर, भागलपुर और बांका में कल के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री तक रहने की संभावना जताते हुए पटना, पूर्णिया, औरंगाबाद, सीवान, नवादा, शेखपुरा, खगड़िया और बांका में 12 मई को भी हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है।
मंगलवार को सबसे गर्म जिला रहा शेखपुरा
बता दें कि मई के शुरुआत से ही बिहार के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। अगर बीते मंगलवार की बात करें तो इस दिन बिहार के शेखपुरा सबसे गर्म जिला रहा जहां 42. 6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान तापमान में 8 से 10 डिग्री ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।