कुपवाड़ा: कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। कश्मीर जोन पुलिस ने बताया कि कुपवाड़ा जिले के माछिल इलाके में मुठभेड़ हुई। सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया है। अभी मौके पर तलाशी अभियान चल रहा है।
#KupwaraEncounterUpdate: 02 #terrorists killed. Search operation still going on. Further details shall follow.@JmuKmrPolice https://t.co/cuzJVU5wKC
Kashmir Zone Police (@KashmirPolice) May 3, 2023
सुरक्षा संस्थान निशाने पर
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान एक बार फिर घुसपैठ करवाने और सुरक्षा संस्थानों को निशाना बनाने की फिराक में है। यह इनपुट सुरक्षा एजेंसियों के हाथ लगे हैं। इसके बाद पठानकोट से लेकर जम्मू के रतनूचक तक रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा बलों के लिए विशेष हिदायतें जारी कर दी गई हैं।
कठुआ में सीमा पर हाईअलर्ट
हीरानगर सेक्टर के ठीक सामने आईएसआई और पाकिस्तानी एजेंसियां एक बार फिर भारतीय सीमा में दहशत फैलाने के मंसूबों पर काम कर रही हैं। आतंकी लांचपैड शकरगढ़ में संदिग्धों की मौजूदगी और उनके नापाक मंसूबों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
पुलवामा जैसे हमले की है आशंका
जम्मू कश्मीर में बहाल होती शांति और विकास से बेहाल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी (ISI और उसके द्वारा पोषित आतंकी संगठन पुलवामा जैसा हमला दोहराने का षड्यंत्र रच रहे हैं। ऐसी खूफिया सूचना है कि वह वीबीआइईडी के जरिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग या किसी महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान पर हमला कर सकते हैं। हमले को अंजाम देने का जिम्मा दक्षिण कश्मीर में सक्रिय जैश कमांडर मूसा सुलेमानी को सौंपा गया है।
सीमा पर चल रहे हैं आतंकी लांच पैड
एलओसी के पार गुलाम जम्मू कश्मीर के अग्रिम सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तानी सेना ने पांच नए लांचिंग पैड तैयार किए हैं। इन पर 30 आतंकियों को जम्मू कश्मीर में घुसपैठ के लिए तैयार रखा गया है। पुंछ में कृष्णा घाटी सेक्टर के सामने गुलाम जम्मू कश्मीर में राड कठार में छह-छह आतंकियों के दो गुट हैं, जबकि भिंबर गली के सामने एलओसी के पार खुई रट्टा में पांच, उत्तरी कश्मीर में जिला कुपवाड़ा में नौगाम सेक्टर में एलओसी के पास खरंजन में चार, टंगडार सेक्टर में एलओसी के पास लीपा घाटी में चार और उड़ी-बारामुला में एलओसी के पार बाग में पांच आतंकी हैं।