कर्नाटक: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक दौरे पर पहुंचे हैं। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर वो रैली जनसभाओं में हिस्सा ले रहे हैँ। पीएम मोदी ने शनिवार को कर्नाटक में बीदर के हुमनाबाद में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित किया। इस रैली में पीएम मोदी का भाषण का सुनने के लिए हजारों की संख्या में भीड़ जुटी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, ये मेरा सौभाग्य है कि इस विधानसभा चुनाव में मेरी शुरुआत बीदर से हो रही है। बीदर का आशीर्वाद मुझे तब भी मिला था जब मैं प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बना था।
पीएम मोदी ने फूंका चुनावी बिगुल
कर्नाटक विधानसभा चुनाव को अब महज 10 दिनों का समय शेष रह गया है। प्रदेश की 224 विधानसभा सीटों पर 10 मई को मतदान किए जाएंगे। इसके बाद चुनाव के परिणाम 13 मई को मतगणना के बाद घोषित होंगे। इसी के मद्देनजर चुनाव की तैयारियां जोरो पर है। कर्नाटक में बीजेपी और कांग्रेस की सीधे टक्कर नजर आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक में एक बार फिर से कमल खिलाने के लिए रैलियों और जनसभाओं में जमकर चुनावी ताल ठोक रहे हैं। आज उन्होंने अपनी रैली के दौरान कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
कर्नाटक विकसित तो भारत विकसित –पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा, कर्नाटक का यह चुनाव केवल 5 साल के लिए सरकार बनाने मात्र का नहीं है,बल्कियह कर्नाटक को देश में नंबर वन राज्य बनाने का चुनाव है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि ये विकसित भारत के लिए कर्नाटक की बड़ी भूमिका तय करने वाला चुनाव है और भारत विकसित तभी होगा जब कर्नाटक का कोना-कोना विकसित होगा।
कांग्रेस ने 91 बार मुझे गाली दी- पीएम मोदी
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मुझे 91 बार गाली दी, लेकिन हर बार जनता ने उन्हें नकार दिया। कांग्रेस हर उस व्यक्ति से नफरत करती है जो सामान्य मानवी की बात करता है, जो उनके भ्रष्टाचार को सामने लाता है और उनकी स्वार्थ भरी राजनीति पर प्रहार करता है।
बड़े महापुरुष उनकी गालियों के शिकार हुए-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कर्नाटक की जनता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आगे कहा कि, बड़े से बड़े महापुरुष उनकी गालियों के शिकार हुए हैं। जब मैं ये देखता हूं, तो सोचता हूं चलो मैं अकेले नहीं हूं गाली खाने वाला। उन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर और वीर सावरकर जैसे महापुरुषों को गालियां दी, वहीं वो मोदी को देते हैं। मैं इसे उपहार मानता हूं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस गालियां देती है, लेकिन मैं जनता के लिए काम करता रहूंगा। बता दें 2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 80 सीट, जेडीएस ने 37 सीट और भाजपा ने 104 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार भी बीजेपी कर्नाकट में कमल खिलाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।