जम्मू: बुधवार को गुलाम नबी की ऑटोबायोग्राफी आजाद लॉन्च होने वाली है। ऐसे में वो चर्चाओं में आ गए हैं। कहा जा रहा है कि उन्होंने अपनी ऑटोबायोग्राफी आजाद में प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ़ की है। इसके अलावा आजाद ने जयराम रमेश और सलमान खुर्शीद जैसे कांग्रेस के सीनियर नेताओं पर राजनैतिक और वैचारिक टकराव को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
यह बोले आजाद
आजाद ने मंगलवार को न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा- मैंने प्रधानमंत्री के साथ जो किया, और उन्होंने जो व्यवहार मेरे साथ किया। इसका मोदी को श्रेय देना चाहिए। वह बहुत उदार हैं। विपक्ष के नेता के तौर पर मैंने उन्हें किसी भी मुद्दे पर नहीं बख्शा, चाहे वह धारा 370 हो, CAA हो या फिर हिजाब का मुद्दा। इसके बावजूद मोदी ने कभी बदले की भावना से काम नहीं किया।
जयराम रमेश को लेकर दिया यह बयान
आत्मकथा में आजाद ने खुलासा किया है कि गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने का ऐलान किया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांट दिया। इसके खिलाफ विपक्ष के नेताओं ने धरना दिया। इसमें कांग्रेस के मीडिया इंचार्ज जयराम रमेश नहीं आए। तब वो राज्यसभा में पार्टी के चीफ व्हिप थे।
G-23 को लेकर दिया यह बयान
कांग्रेस के खिलाफ जी-23 भाजपा का मुखौटा था। ऐसे आरोप लगाने वालों को आजाद ने मूर्ख बताया। आजाद ने कहा- अगर G23 भाजपा का प्रवक्ता था तो उसे कांग्रेस ने सांसद क्यों बनाया? उन्हें सांसद, महासचिव और पदाधिकारी क्यों बनाया है? मैं अकेला हूं, जिसने पार्टी बनाई है। बाकी लोग तो अब भी वहीं हैं। भाजपा के प्रवक्ता होने के आरोप बचकाना और बेबुनियाद हैं।