झारखंड में कुल 81 विधानसभा की सीटें हैं। झारखंड में विधानसभा चुनावों के पहले चरण में 13 विधानसभा सीटों के लिए कल यानि 30 नवंबर को मतदान होना है। दूसरे चरण 7 दिसंबर को 20 सीटों पर, 12 दिसबंर को तीसरे चरण में 17 विधानसभा सीटों पर, चौथे चरण में 16 दिसंबर को 15 सीटों पर और पांचवें यानी आखिरी चरण में 20 दिसंबर को 16 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वहीँ 23 दिसंबर को मतगणना होगी।
इस चरण के लिए बीजेपी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह को प्रचार के लिए उतार कर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है जबकि विपक्षी महागठबंधन की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सरीखे बड़े नेता प्रचार के लिए नहीं पहुंचे है।
बीजेपी की ओर से चुनाव प्रचार की कमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संभाली है। उन्होंने 25 नवंबर को झारखंड के डाल्टनगंज और गुमला में दो चुनाव सभाएं कर राम मंदिर निर्माण, राष्ट्रीय सुरक्षा, जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाये जाने, नक्सलवाद और विकास विपक्ष के भ्रष्टाचार को प्रमुख रूप से जनता के सामने रखा था।
पीएम मोदी ने राम मंदिर निर्माण में देरी के लिए कांग्रेस और उसके सहयोगियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले का फैसला कर दिया है और राम जन्म स्थान पर गगनचुंबी राम मंदिर का निर्माण किया जायेगा।