भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बेहद बुरी खबर आई है. सुस्ती के दौर से गुजर रही भारतीय अर्थव्यवस्था को एक और झटका लगा है। दरअसल, चालू वित्त वर्ष 2019-20 की दूसरी तिमाही में देश की जीडीपी यानी आर्थिक विकास दर में भारी गिरावट आई है। जुलाई-सितंबर तिमाही में देश की जीडीपी गिरकर 4.5 फीसदी हो गई है। पिछले साल इसी तिमाही में विकास दर 7.1 फीसदी रही थी। यह करीब 6 साल में किसी एक तिमाही की सबसे बड़ी गिरावट है। केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय (सीएसओ) के द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गयी है।
ANI (@ANI) November 29, 2019
इससे पहले 2019-20 की अप्रैल-जून तिमाही में देश की आर्थिक वृद्धि दर (जीडीपी ग्रोथ रेट) घटकर पांच फीसदी रह गयी। यह पिछले छह साल से ज्यादा वक्त में न्यूनतम स्तर था। मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में गिरावट और कृषि उत्पादन की सुस्ती से जीडीपी वृद्धि में यह गिरावट देखी गई थी। भारतीय रिजर्व बैंक ने भी हाल ही में चालू वित्त वर्ष में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर अनुमान घटाकर 6.1 प्रतिशत कर दिया था, जो पहले 6.9 प्रतिशत था।