मैसूर के एक व्यक्ति डी. कृष्णा कुमार ने स्कूटर पर अपनी 70 वर्षीय मां को तीर्थ यात्रा कराने के लिए 48,100 किलोमीटर की दूरी तय की. सोशल मीडिया पर उनकी ये कहानी खूब वायरल हो रही है. ऑटो सेक्टर के बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा भी इस व्यक्ति के फैन हो गए हैं. वो अब कृष्णा कुमार को कार गिफ्ट करना चाहते हैं. बुधवार की सुबह डी. कृष्णा कुमार की खूबसूरत स्टोरी को नांदी फाउडेशन के सीईओ मनोज कुमार ने साझा किया.
डी. कृष्णा कुमार की मां मैसूर में अकेली रहती हैं. उन्होंने अपने बेटे कृष्णा हम्पी देखने की इच्छा जाहिर की. फिर कृष्णा ने नौकरी छोड़ अपने 20 साल पुराने बजाज चेतक स्कूटर पर मां को लेकर यात्रा करने निकल गया. कृष्णा कुमार ने बताया कि, ज्वाइंट फैमिली में मेरी मां की भूमिका मेरे पिता की मृत्यु की तक सिर्फ रसोई तक ही सीमित थी. मैंने निर्णय लिया कि अपनी माँ को पूरा समय दूंगा और जिंदगी की सभी खुशियां उनको दूंगा.
मेरी मां कभी अपने गांव से बाहर नहीं निकली थीं, कृष्णा कुमार ने निर्णय किया कि वो अपनी मां को भारत में स्थित सभी तीर्थ स्थानों में घुमाएंगे. एक पोस्ट के अनुसार, कृष्णा कुमार ने अपनी मां के साथ सात महीने तक अपने स्कूटर पर बैठकर यात्रा की है. उन्होंने पिछले साल जनवरी में अपनी मां को तीर्थ यात्रा पर ले जाने के लिए नौकरी छोड़ दी थी और दोनों ने मिलकर भारत में कई पवित्र स्थानों को कवर किया. वे होटलों के बजाय मठ में रहे और इस अनोखी यात्रा के दौरान अपने स्कूटर पर उन्होंने आवश्यक सामान ही रखा.
कृष्णा कुमार और उनकी मां की दिल छू लेने वाली कहानी जब बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा ने सुनी तो वो भी प्रभावित हो गए. उन्होंने कृष्णा कुमार को कार गिफ्ट करने की पेशकश की है.
anand mahindra (@anandmahindra) October 23, 2019
आनंद महिंद्रा ने ट्विटर पर लिखा, एक खूबसूरत कहानी. एक मां के प्यार के बारे में लेकिन एक देश के प्यार के बारे में भी… इसे शेयर करने के लिए शुक्रिया मनोज. यदि आप उसे मुझसे मिला सकते हैं, तो मैं व्यक्तिगत रूप से उन्हें महिंद्रा केयूवी 100 एनएक्सटी गिफ्ट करना चाहूंगा, ताकि वह अपनी मां को अपनी अगली यात्रा पर कार में बिठा सकें.