गुजरात: अंबाजी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे यात्रियों की बस पलटी, 18 की मौत

अहमदाबाद- गुजरात के बनासकांठा जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में 18 लोगों के मारे जाने की खबर है। आधिकारिक सूचना के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए लोग नवरात्र के मौके पर यहां के प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर में दर्शन करके लौट रहे थे। इसी दौरान बरसात के कारण यात्रियों से भरी बस यहां के त्रिशूलिया घाट के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस सवार 18 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने घटना पर शोक जताया है।

जानकारी के अनुसार, बस हादसे की जानकारी के बाद बनासकांठा के जिला प्रशासन के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। इसके अलावा पुलिस और एनडीआरएफ की टीमों को भी घटनास्थल पर भेजकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम किया जा रहा है।

ANI (@ANI) September 30, 2019

जिला प्रशासन ने की 18 लोगों की मौत की पुष्टि

जिले के सहायक जिला स्वास्थ्य अधिकारी एसजी शाह ने बताया है कि हादसे में अब तक 18 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा कई अन्य लोग अब भी घायल हैं। घटना के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने भी इसपर दुख जताते हुए मृतकों के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

पीएम ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई

Narendra Modi (@narendramodi) September 30, 2019

पीएम ने अपने ट्वीट में लिखा है,बनासकांठा से एक दर्दनाक हादसे की खबर मिली है। मैं इस हादसे में हुई लोगों की मौत के कारण बहुत दुखी हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। स्थानीय प्रशासन मौके पर हर प्रकार की संभव मदद देने के लिए काम कर रहा है। मैं प्रार्थना करता हूं कि हादसे में घायल लोग जल्द स्वस्थ हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *