पाकिस्तान की जनता की मुशकिलें दिन पर दिन बढ़ती ही जा रही हैं. पहले से ही महंगाई और टैक्स की मार झेल रही जनता को एक बार फिर झटका लगा है. बता दें कि गुरुवार यानी आज से पाकिस्तान में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है. पेट्रोल के दाम में 5.15 रूपए और डीजल के दाम में 5.65 रूपए की बढ़ोतरी की गई है. इस इजाफे के बाद अब पाकिस्तान मे पेट्रोल 117.83 रूपए प्रति लिटर और डीजल 135.72 रूपए प्रति लिटर के दर से मिलेगा.
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी को देखते हुए पाकिस्तान की ऑयल ऐंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) ने पाकिस्तान सरकार से पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में 10 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा था.
पाकिस्तान में पेट्रोलियम की कीमत साल 2017 से ही बढ़ती जा रही है.पेट्रोल और एचएसडी पाकिस्तान में दो ऐसे उत्पाद हैं जिनसे सरकार को सबसे ज्यादा राजस्व मिलता है.पाकिस्तान में पेट्रोल की हर महीने खपत करीब 7 लाख टन और एचएसडी की खपत 9 लाख टन है. केरोसीन और एलडीओ की खपत करीब 10 हजार टन प्रति महीना होती है.