देश के कारोबारी घरानों मे से एक गोदरेज परिवार में बंटवारे की सुगबुगाहट शुरु हो गई है. इस परिवार के पास कई इंडस्ट्री में हिस्सेदारी के अलावा हजारों एकड़ जमीन है. मुंबई में सबसे ज्यादा जमीन गोदरेज परिवार के पास ही है. इन्हें बेशक मुंबई का लैंडलॉर्ड कहा जा सकता है. खबरों के अनुसार परिवार ने कारोबार में हिस्सेदारी के पुनर्गठन के लिए कई सलाहकारों और टॉप लॉ फर्म की सेवाएं ली हैं.
मुंबई के विखरोली में गोदरोज परिवार के पास कुल 3,600 एकड़ जमीन है, जिसमे 1,000 एकड़ जमीन को विकसित करने का प्लान चल रहा है. इस 1,000 एकड़ जमीन की मार्केट वैल्यू करीब 20 हजार करोड़ रुपये है. अब इस भुखंड के डेवलपमेंट को लेकर परिवार दो भागों में बंट गया है. एक तरफ हैं गोदरेज एण्ड बॉएस के एमडी जमशीद गोदरेज वहीं दुसरी तरफ हैं उनके चचेरे भाई आदि गोदरेज और नादिर गोदरोज. आदि और नादिर रियल एस्टेट के बिजनेस में काफी एक्टिव हैं. दोनो भाई गोदरेज प्रॉपर्टीज का संचालन करते हैं. जमशीद गोदरेज पैतृक जमीनों के बहुत ज्यादा डिवेलपमेंट के पक्ष में नहीं है, वहीं आदि गोदरेज और उनके भाई नादिर गोदरेज की राय अलग ही बताई जा रही है. गोदरेज प्रॉपर्टीज ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वह मुंबई में एक बड़ी डिवेलपर बनना चाहती है.
इसी विवाद ने जमीन बंटवारे की स्थिति पैदा कर दी है. जमीन के बंटवारे के लिए जमशीद गोदरेज जेएम फाइनेंशियल से जुड़े दिग्गज इनवेस्टमेंट बैंकर निमेश कम्पानी और एजेबी पार्टर्नस के वकील जिया मोदी की सलाह ले रहे हैं. वहीं उनके चचेरे भाई बैंकर उदय कोटक और सिरिल अमरचंद मंगलदास से जुड़े सिरिल श्रॉफ की सलाह ले रहे हैं. कंपनी के प्रवक्ता ने कहा है कि इस बारे में दोनों परिवार गुरुवार को एक बयान जारी करेंगे.
विखरोली की जमीन पर अगर रियल एस्टेट प्रॉपर्टी विकसित की जाए तो उसकी कीमत करीब एक लाख करोड़ रुपये तक हो सकती है. इस इलाके में सिर्फ जमीन की कीमत प्रति एकड़ 20करोड़ रुपये के आसपास है
आपको बता दें कि गोदरेज समूह 122साल पुराना है. 1897में युवा पारसी वकील आर्देशीर गोदरेज ने एक ताला कंपनी के साथ गोदरेज की शुरुआत की थी. गोदरेज समूह में पांच सूचीबद्ध कंपनियां हैं- गोदरेज इंडस्ट्रीज, गोदरेज कंज्यूमर, गोदरेज एग्रोवेट, गोदरेज प्रॉपर्टीज और एस्टेक लाइफसाइंसेज. इन सभी की बाजार पूंजी करीब 1.2लाख करोड़ रुपये की है. समूह के चेयरमैन आदि गोदरेज हैं. यह समूह साबुन से लेकर रियल एस्टेट तक के कारोबार में है.
गोदरेज परिवार में चेयरमैन आदि गोदरेज और उनके भाई नादिर के अलावा कजिन रिशद, जमशीद, स्मिता गोदरेज हैं. आदि के तीन संतान तान्या, निसाबा और पिरोजशा गोदरेज हैं. नादिर के भी तीन संतान हैं. जमशीद के दो संतान राइका और नवरोज जबकि स्मिता के दो संतान फ्रेयान और निरिका गोदरेज हैं.