देशद्रोह से संबंधित कानून पहले से भी ज्यादा सख्त बनाया जाएगा : राजनाथ सिंह

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि 2019 के चुनाव में भाजपा की सरकार फिर से बनते ही देशद्रोह से संबंधित कानून को पहले से भी ज्यादा सख्त बनाया जाएगा।

वह आज भिवानी में भाजपा प्रत्याशी धर्मबीर सिंह के समर्थन में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे।

राजनाथ ने यह भी कहा कि 2031 तक भारत दुनिया के शीर्ष तीन देशों में शामिल होगा।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, हरियाणा सरकार में मंत्री रामबिलास शर्मा सहित विभिन्न क्षेत्रीय नेताओं ने भी जनसभा को संबोधित किया।

भाजपा के पिछले पांच साल की उपलब्धियां गिनाते हुए राजनाथ ने दावा किया कि 2022 तक देश में एक भी ऐसा परिवार नहीं बचेगा, जिसके पास पक्का मकान व खाना पकाने के लिए गैस-सिलेंडर न हो।

राजनाथ ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उसके राज में सिर्फ देश को लूटा गया। उनके कार्यकाल में जिस प्रकार घोटाले हुए, उसे सब जानते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश की शक्ति बढ़ाने को काम किया है।

भाषा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *