वेलोसिटी ने ट्रेलब्लेजर्स को 112 रन पर रोका

एकता बिष्ट और एमिलिया केर की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से वेलोसिटी ने महिला टी20 चैलेंज के दूसरे मैच में बुधवार को यहां ट्रेलब्लेजर्स को छह विकेट पर 112 रन ही बनाने दिये. बायें हाथ की स्पिनर एकता ने चार ओवर में 13 रन देकर दो जबकि लेग स्पिनर केर ने तीन ओवर में 21 रन देकर दो विकेट लिये. इनके अलावा ऑफ स्पिनर सुश्री प्रधान ने तीन ओवर में 14 रन देकर एक और मध्यम गति की गेंदबाज शिखा पांडे ने चार ओवर में 18 रन देकर एक विकेट लिया.

ट्रेलब्लेजर्स की तरफ से 20 वर्षीय हरलीन देओल ने सर्वाधिक 43 रन बनाये. उन्होंने 40 गेंदें खेली तथा पांच चौके लगाये. सूजी बेट्स ने 22 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलायी थी लेकिन ट्रेलब्लेजर्स इसका फायदा नहीं उठा पाया.

पिछले मैच में जीत की नायिका रही कप्तान स्मृति मंदाना (दस रन) तीसरे ओवर में ही शिखा की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठी जिससे ट्रेलब्लेजर्स अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना पाया.

इसके अलावा उसने नियमित अंतराल में विकेट गंवाये. ट्रेलब्लेजर्स का स्कोर 15 ओवर के बाद तीन विकेट पर 73 रन था. इसके बाद दीप्ति शर्मा (16) ने कुछ अच्छे शॉट लगाये जिससे टीम कुछ सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पायी.

भाषा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *