दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ महापर्व के अवसर पर सोनिया विहार में मां यमुना के तट पर डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने छठी मइया से दिल्ली के सभी परिवारों के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां यमुना के तट पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। दीपों की रोशनी, छठी मइया के गीत और श्रद्धालुओं की भक्ति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
यमुना तट पर दिखा आस्था का संगम
सीएम रेखा गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि सोनिया विहार में मां यमुना के तट पर हजारों श्रद्धालुओं ने छठ महापर्व में हिस्सा लिया। अस्त होते सूर्य की लालिमा में पूरा वातावरण आस्था के रंग में रंगा नजर आया। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा था, मानो मां यमुना स्वयं अपनी संस्कृति के इस बड़े उत्सव को अपने आंचल में समेटे हुए हैं।
दिल्ली के 1,400 छठ घाटों पर की गई व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष दिल्ली के करीब 1,400 छठ घाटों पर भव्य व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि ये व्यवस्थाएं सरकार के उस संकल्प को दिखाती हैं, जिसमें लोगों की आस्था का सम्मान करने के साथ प्रत्येक श्रद्धालु की सुविधा का ध्यान रखा गया है। सरकार ने छठ महापर्व के आयोजन को लेकर घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंतजाम किए हैं।
मनोज तिवारी और कपिल मिश्रा भी रहे मौजूद
इस अवसर पर सांसद मनोज तिवारी और दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने छठी मइया से प्रार्थना की कि उनका आशीर्वाद हर परिवार पर बना रहे और मां यमुना के तट पर आस्था का यह उत्सव आगे भी दिल्ली को इसी तरह रोशन करता रहे। सीएम रेखा गुप्ता ने अपने संदेश में छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए दिल्ली के लोगों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।