सीएम योगी ने की पीएम मोदी से मुलाकात, अमित शाह और नितिन नवीन से भी मिलेंगे

CM Yogi met PM Modi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को दिल्ली पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। सीएम योगी 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास पहुंचे, जहां उन्होंने पीएम मोदी से बैठक की। दिल्ली दौरे के दौरान उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात प्रस्तावित है।

सीएम योगी आदित्यनाथ का यह दिल्ली दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी की संगठनात्मक गतिविधियां तेज हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और नितिन नवीन के साथ होने वाली बैठकों में किन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

ट्रेड शो के एक दिन बाद दिल्ली पहुंचे सीएम योगी

मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में अमित शाह के साथ शामिल होने के एक दिन बाद हो रहा है। 25 सितंबर को अमित शाह ने ट्रेड शो के चौथे संस्करण का उद्घाटन किया था। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और निवेश की संभावनाओं को लेकर विदेशी कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत की थी।

मुख्यमंत्री ने रूस, वियतनाम, बेलारूस, जापान और सिंगापुर समेत साझेदार देशों की कंपनियों के साथ राउंड टेबल बैठक की। उन्होंने डिफेंस, फार्मास्युटिकल्स, एविएशन, मेडिकल डिवाइस, कृषि और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश में निवेश का न्योता दिया।

नितिन नवीन से संगठन को लेकर हो सकती है चर्चा

योगी आदित्यनाथ और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इसी सप्ताह मेरठ में पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की थी। बैठक में बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया गया था। नितिन नवीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी बातचीत की थी। ऐसे में दिल्ली में योगी और नितिन नवीन की प्रस्तावित मुलाकात को उत्तर प्रदेश में बीजेपी की संगठनात्मक तैयारियों के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।

‘सेवा संकल्प अभियान’ पर भी फोकस

बीजेपी उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चला रही है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत लाभार्थियों से संपर्क, सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन और युवाओं की भागीदारी जैसी गतिविधियां प्रस्तावित हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ पहले ही इस अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं। ऐसे में उनके दिल्ली दौरे के दौरान सरकार और संगठन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *