नशा मुक्त पंजाब यात्रा में शामिल हुए CM नायब सैनी, बोले- युवाओं को नशे से मुक्ति इलाज और रोजगार चाहिए

CM Saini joined Drug-Free Punjab: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नशा मुक्त पंजाब यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर कई सवाल उठाए और कहा कि पंजाब के नौजवानों को केवल नारे नहीं, बल्कि नशे से मुक्ति, इलाज, रोजगार और सम्मान चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरुओं की धरती से शुरू होने वाली यह यात्रा पंजाब को बचाने की जन यात्रा है।

नशे की तस्करी को लेकर पंजाब सरकार पर सवाल

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पंजाब की पहचान प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी के ‘कीरत करो, नाम जपो, वंड छको’ के संदेश से है। उन्होंने पंजाब सरकार से सवाल करते हुए कहा कि चार साल बाद भी नशा गांव-गांव तक कैसे पहुंच रहा है।

उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2025 में देशभर में ड्रोन के जरिए नशा तस्करी की दर्ज 305 घटनाओं में से 298 पंजाब सीमा से संबंधित थीं। साथ ही एनसीआरबी के वर्ष 2024 के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पंजाब में ड्रग ओवरडोज से 106 मौतें दर्ज हुईं। सीएम नायब सैनी ने कहा कि लड़ाई नशा पीड़ितों से नहीं, बल्कि नशे के सौदागरों से है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री से नशे जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति नहीं करने की अपील की।

हरियाणा के अभियान का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में हर महीने नशे के खिलाफ अभियान आयोजित किए जाते हैं और नशा मुक्त हरियाणा अभियान को गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि नशे की आपूर्ति पर कार्रवाई के साथ युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा गया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नशे के खिलाफ लड़ाई को राष्ट्रीय प्राथमिकता दी है और 2 अगस्त 2026 को ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ के नाम से 100 सप्ताह के राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की।

रोजगार और नशामुक्ति को लेकर रखी बात

सीएम नायब सैनी ने पंजाब सरकार से पूछा कि उसने कितने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया है। उन्होंने हरियाणा में महिलाओं को 2,100 रुपये देने के वादे को पूरा करने और किसानों के लिए भावांतर भरपाई योजना का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर नशे के पीड़ितों को इलाज, परिवारों को सहयोग और तस्करों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा नशा मुक्त पंजाब यात्रा के जरिए इसी सोच को जन आंदोलन बनाने के लिए आगे बढ़ रही है। साथ ही उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने युवाओं को डंकी रूट से बचाने के लिए विदेश सहयोग विभाग बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *