दिल्ली-NCR में फिर बदलेगा मौसम, जानें कब मिलेगी उमस से राहत

weather in Delhi-NCR: दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से बारिश थमने के बाद उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है। दिन में तेज धूप और गर्मी का असर देखने को मिल रहा है, जबकि सुबह के समय मौसम थोड़ा राहत देने वाला है। अब मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा समेत एनसीआर के कई इलाकों में 11 और 12 सितंबर को बारिश का पूर्वानुमान जताया है। ऐसे में शुक्रवार से उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 9 से 15 सितंबर के बीच दिल्ली में दिन का तापमान करीब 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि, 10 सितंबर को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। इसके बाद तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

शुक्रवार को बारिश के साथ आंधी के आसार

11 सितंबर, शुक्रवार को दिल्ली-NCR में मौसम बदल सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आंधी और बिजली कड़कने की भी आशंका है। रात में भी कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश हो सकती है।

शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवाओं की रफ्तार 18 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। बारिश के कारण इसी दिन से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

शनिवार को सुबह और शाम बारिश का अनुमान

12 सितंबर, शनिवार को भी दिल्ली, नोएडा समेत पूरे एनसीआर में बादल छाए रह सकते हैं। तड़के सुबह से लेकर सुबह करीब 10 बजे तक हल्की बारिश के साथ आंधी और बिजली चमकने की संभावना है। वहीं शाम से रात के बीच कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। तापमान में गिरावट के साथ मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।

गुरुवार को धूप और उमस का असर रहेगा

इससे पहले 10 सितंबर, गुरुवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिन में करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। यानी गुरुवार को उमस और गर्मी से खास राहत मिलने की संभावना कम है, लेकिन शुक्रवार से मौसम बदलने की उम्मीद है।

4 सितंबर को हुई थी झमाझम बारिश

दिल्ली-NCR में इससे पहले 4 सितंबर को तेज बारिश हुई थी। इसके बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली, लेकिन बारिश का दौर कमजोर पड़ते ही धूप और उमस ने फिर से लोगों की परेशानी बढ़ा दी। अब शुक्रवार और शनिवार को बारिश के पूर्वानुमान के चलते दिल्ली-NCR के लोगों को एक बार फिर गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *