MoUs were signed between India and Belgium: भारत और बेल्जियम के बीच गुरुवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर की मौजूदगी में कई महत्वपूर्ण समझौते (MoU) हुए। दोनों देश व्यापार, रक्षा, अहम खनिजों, स्वच्छ ऊर्जा और टेक्नोलॉजी के क्षेत्रों में अपना सहयोग काफी बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि नई दिल्ली और ब्रसेल्स ऐसे रिश्ते बना रहे हैं, जो पहले से कहीं ज्यादा व्यापक और रणनीतिक हैं।
रक्षा और सुरक्षा सहयोग पर PM मोदी का जोर
साझा प्रेस कांफ्रेंस में पीएम मोदी ने कहा कि रक्षा और सुरक्षा सहयोग भारत-बेल्जियम संबंधों का एक प्रमुख स्तंभ है। उन्होंने आतंकवाद के हर रूप को जड़ से समाप्त करने की दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता भी दोहराई। पीएम मोदी ने रक्षा क्षेत्र में सहयोग का दायरा और बढ़ाने पर जोर दिया।
भारत और बेल्जियम के बीच रक्षा सहयोग में जोरावर टैंक परियोजना का भी खास महत्व है। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देश इस परियोजना पर मिलकर काम कर रहे हैं और इससे दोनों देशों का रिश्ता और मजबूत होगा। भारत लगातार अपने रक्षा उत्पादन को मजबूत करने के लिए विदेशी तकनीक और घरेलू क्षमता के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दे रहा है। ऐसे में बेल्जियम के साथ रक्षा तकनीक और औद्योगिक सहयोग काफी महत्वपूर्ण हो सकता है।
भारत की आर्थिक तरक्की का भी किया जिक्र
पीएम मोदी ने बताया कि पिछली तिमाही में भारत की विकास दर 7.8 प्रतिशत रही। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक तरक्की दुनिया के लिए भरोसे और नए मौकों का जरिया है। दोनों देशों के बीच हुए समझौतों के जरिए व्यापार समेत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। वहीं, बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते को बड़ी उपलब्धि बताया।
यूक्रेन और पश्चिम एशिया पर क्या बोले मोदी?
प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक संघर्षों को लेकर भारत की लंबे समय से चली आ रही नीति को भी दोहराया। उन्होंने कहा, “चाहे यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, हम संघर्षों को जल्द खत्म करने और शांति लाने की सभी कोशिशों का समर्थन करते हैं। पीएम मोदी का यह बयान ऐसे अहम समय में आया है, जब दुनिया तीन बड़े संघर्षों का सामना कर रही है। उन्होंने संघर्षों को जल्द समाप्त करने और शांति स्थापित करने के प्रयासों के समर्थन की बात कही।