CM Rekha Gupta gifts Delhi women: रक्षाबंधन से पहले दिल्ली सरकार ने महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत पहली किस्त जारी कर दी। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योजना के पहले 2,500 लाभार्थियों को मंजूरी पत्र भी सौंपे गए। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन लाभार्थियों के बैंक खाते और सीबीडीसी वॉलेट खुलने के बाद 1 सितंबर को राशि उनके खातों में जमा कर दी जाएगी। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जानी है।
1 अगस्त से लागू हुई है लक्ष्मी योजना
दिल्ली लक्ष्मी योजना 1 अगस्त से प्रभावी हुई थी। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना के लिए अब तक 6 लाख से ज्यादा महिलाएं पंजीकरण करा चुकी हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार अपने घोषणापत्र में किए गए वादे को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को लेकर सरकार अपने वादे के मुताबिक काम कर रही है।
2500 रुपये का ऐसे होगा इस्तेमाल
योजना के तहत मिलने वाले 2,500 रुपये की पूरी राशि महिला हर महीने सामान्य तरीके से खर्च नहीं कर सकेगी। सरकार की योजना के अनुसार, इसमें से 1,500 रुपये की राशि महिला के खाते में एफडी यानी फिक्स डिपॉजिट के रूप में रखी जाएगी। वहीं, बाकी 1,000 रुपये डिजिटल करेंसी यानी सीबीडीसी के रूप में दिए जाएंगे। इस 1,000 रुपये का इस्तेमाल केवल डिजिटल खर्च के लिए किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत पहले 2,500 लाभार्थियों को मंजूरी पत्र दिए गए हैं। उनके बैंक खाते और सीबीडीसी वॉलेट खुलने के बाद 1 सितंबर को उनके खातों में पैसे जमा कर दिए जाएंगे।
ऐसे चेक करें आवेदन का स्टेटस
जिन महिलाओं ने दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन किया है, वे ऑनलाइन अपने आवेदन की स्थिति देख सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले योजना के आधिकारिक पोर्टल dly.delhi.gov.in पर जाना होगा। वेबसाइट के होमपेज पर ट्रैक एप्लीकेशन विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद खुलने वाले पेज पर पंजीकृत मोबाइल नंबर, जन्मतिथि और स्क्रीन पर दिखाई देने वाला कैप्चा दर्ज करना होगा। इसके बाद साइन इन बटन पर क्लिक करते ही आवेदन का स्टेटस स्क्रीन पर दिखाई देगा।
21 से 60 साल की महिलाओं को मिलेगा लाभ
योजना का लाभ लेने के लिए महिला की उम्र 21 से 60 साल के बीच होनी चाहिए। वह अपने परिवार की सबसे बड़ी महिला सदस्य होनी चाहिए। परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। महिला दिल्ली की पंजीकृत मतदाता होनी चाहिए। इसके अलावा आवेदन की तारीख पर उसके पति या माता-पिता में से कोई एक कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली का निवासी होना चाहिए। परिवार की पिछले 12 महीनों की बिजली खपत भी 2,400 यूनिट से अधिक नहीं होनी चाहिए।
इन महिलाओं को नहीं मिलेगा लाभ
सरकारी पेंशन या नियमित वित्तीय सहायता पाने वाली महिलाएं इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी। आयकरदाता, जीएसटी भरने वाले, सरकारी कर्मचारी और जनप्रतिनिधि भी योजना का लाभ नहीं ले सकेंगे। महिला या उसके परिवार के किसी सदस्य के पास चार पहिया वाहन होने पर भी पात्रता प्रभावित होगी। इसके अलावा तीन से ज्यादा बच्चों वाली महिलाओं और आपराधिक रिकॉर्ड रखने वाली महिलाओं को योजना की शर्तों के अनुसार पात्र नहीं माना गया है।
पहले केजरीवाल सरकार ने शुरू की थी महिला सम्मान योजना
इससे पहले अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी सरकार ने महिला सम्मान योजना शुरू की थी। इसके तहत 18 साल से ज्यादा उम्र की पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये देने का प्रावधान किया गया था। बजट 2024-25 की घोषणा के दौरान तत्कालीन आम आदमी पार्टी सरकार ने इस योजना के लिए 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था। अब दिल्ली की लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की सहायता देने की व्यवस्था की गई है।