CM नायब सिंह सैनी ने किया नारनौल में इंटीग्रेटेड मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक हब की रेल कनेक्टिविटी का शुभारंभ

cm Nayab Singh Saini

नारनौल (महेंद्रगढ़)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को नांगल चौधरी क्षेत्र में स्थित नवनिर्मित इंटीग्रेटेड मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक हब (आईएमएलएच) में पहली मालगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे हब की रेल कनेक्टिविटी का औपचारिक शुभारंभ हो गया। कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहे।

यह लॉजिस्टिक हब तलोट, घाटाशेर और बसीरपुर गांवों की भूमि पर विकसित किया जा रहा है। परियोजना कुल लगभग 1305 एकड़ क्षेत्र में फैली है, जिसमें से पहले चरण में 408 एकड़ का विकास कार्य पूरा कर लिया गया है। यहां लगभग दो किलोमीटर लंबी चार रेल पटरियां, दो आधुनिक स्टेशन भवन और विशाल प्लेटफॉर्म तैयार किए गए हैं। रेल, सड़क, बिजली और जल आपूर्ति जैसी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

देश के प्रमुख बाजारों और बंदरगाहों तक होगी पहुंच

पहली मालगाड़ी राजस्थान के न्यू डाबला रेलवे स्टेशन से रवाना होकर इस हब पहुंची। मुख्यमंत्री ने इसे हरी झंडी दिखाकर आगे रवाना किया। यह हब वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के किनारे स्थित है, जिससे देश के प्रमुख बाजारों और बंदरगाहों तक माल की तेज तथा किफायती ढुलाई संभव होगी।

यह परियोजना राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास कार्यक्रम और दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर का हिस्सा है। इसके पूर्ण होने पर कंटेनर फ्रेट स्टेशन, ऑटोमोबाइल जोन और आधुनिक वेयरहाउसिंग सुविधाएं विकसित होंगी। अनुमान है कि इससे करीब 10 हजार रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जिनमें प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने इसे दक्षिण हरियाणा के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इससे स्थानीय किसानों, कारोबारियों और युवाओं को लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र आर्थिक रूप से सशक्त बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *