संतकबीरनगर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को सख्त चेतावनी दी है। संतकबीरनगर में 684 करोड़ रुपये से अधिक की 201 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने पहुंचे CM योगी ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति या संस्था ने नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की तो सरकार उसे बख्शेगी नहीं। ऐसे लोगों की पूरी संपत्ति जब्त की जाएगी और उन्हें आजीवन कारावास की सजा दिलाई जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने रोजगार, स्टार्टअप इकोसिस्टम, उच्च शिक्षा और युवाओं के कौशल विकास पर भी बात की। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने के साथ उनकी स्किलिंग पर ध्यान देना भी जरूरी है। देश की 56 से 60 फीसदी युवा आबादी को डेमोग्राफिक डिविडेंड बताते हुए उन्होंने कहा कि इस युवा शक्ति की क्षमता का सही इस्तेमाल करने के लिए उन्हें कौशल से जोड़ना जरूरी है।
रोजगार के अवसर और स्टार्टअप पर बोले CM योगी
मुख्यमंत्री ने रोजगार के आंकड़े पेश करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद से 2014 तक देश में करीब 47 करोड़ लोगों को काम मिला था। वहीं 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में कुल रोजगार बढ़कर 64 करोड़ 33 लाख हो गया है। उनके मुताबिक इस अवधि में 17 करोड़ 18 लाख नए रोजगार के अवसर जुड़े हैं।
उन्होंने देश में स्टार्टअप इकोसिस्टम के विस्तार का भी जिक्र किया। CM योगी ने कहा कि 2014 से पहले देश में 500 से भी कम स्टार्टअप थे, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़कर 2 लाख 23 हजार से ज्यादा हो चुकी है। वहीं बड़े और सफल स्टार्टअप यानी यूनिकॉर्न की संख्या भी 4 से बढ़कर 125 तक पहुंच गई है।
राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के लिए स्किलिंग जरूरी है। उनके मुताबिक डबल इंजन की भाजपा सरकार ने युवाओं की स्किलिंग के साथ रोजगार और स्टार्टअप के लिए भी एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार किया है।
उन्होंने IIT, IIIT, IIM, AIIMS, मेडिकल कॉलेज और स्किल डेवलपमेंट सेंटर की श्रृंखला का जिक्र करते हुए कहा कि ये संस्थान युवाओं की स्किलिंग और उनके भविष्य को बेहतर बनाने का माध्यम हैं। CM योगी ने विपक्ष पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज नहीं थे और इन्हें बनाने में रुचि भी नहीं दिखाई गई। ऐसे में युवाओं को मेडिकल की पढ़ाई के लिए एडमिशन कहां मिलता?
युवाओं की नौकरी में ‘डकैती’ का लगाया आरोप
CM योगी ने पिछली सरकारों पर युवाओं के साथ अन्याय का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस समय नौजवानों की नौकरी में ‘डकैती’ पड़ती थी और उनके साथ अन्याय होता था। उन्होंने विपक्ष पर केवल राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज भी वह युवाओं के साथ न्याय नहीं कर पा रहा है।
पेपर लीक करने वालों पर सख्त कार्रवाई
युवाओं के भविष्य की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति या संस्था ने नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
सीएम योगी ने साफ चेतावनी दी कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों की पूरी संपत्ति जब्त की जाएगी और उन्हें आजीवन कारावास की सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य और उनके रोजगार से जुड़े मामलों में सरकार किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं करेगी।