CM योगी ने कांवड़ियों को लिखी पाती, बोले- यात्रा को बनाएं सेवा का उत्सव

CM Yogi wrote letter to Kanwariyas: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सावन की कांवड़ यात्रा को लेकर शिवभक्तों के नाम ‘योगी की पाती’ लिखी है। इसमें उन्होंने कांवड़ यात्रा के धार्मिक और सामाजिक महत्व को बताते हुए श्रद्धालुओं से इसे सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्सव बनाने की अपील की। सीएम योगी ने कहा कि हर शिवभक्त की यात्रा सम्मानपूर्ण ढंग से पूरी हो, इसके लिए प्रदेश सरकार कृतसंकल्पित है।

समरसता का पर्व है कांवड़ यात्रा

सीएम योगी ने अपनी पाती में लिखा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति, अनुशासन और लोकजीवन की सीख देने वाली परंपरा है। सावन में होने वाली यह यात्रा हर साल करोड़ों श्रद्धालुओं को शिवभक्ति से जोड़ती है।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में जाति, वर्ग, भाषा, क्षेत्र और आर्थिक भेदभाव पीछे छूट जाते हैं। भगवा वस्त्र और कंधे पर कांवड़ लिए सभी शिवभक्तों का लक्ष्य एक ही होता है-भगवान शिव का जलाभिषेक। उन्होंने इसे सनातन संस्कृति के समभाव और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण बताया।

तप और सेवा से जुड़ा संदेश

सीएम योगी आदित्यनाथ ने समुद्र मंथन का प्रसंग भी अपनी पाती में शामिल किया। उन्होंने बताया कि सृष्टि की रक्षा के लिए भगवान शिव ने हलाहल विष अपने कंठ में धारण किया था। विष की उष्णता शांत करने के लिए देवताओं ने उनका गंगाजल से अभिषेक किया। इसी से सावन में शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ाने की परंपरा को विशेष महत्व मिला।

सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा तप, सेवा, आत्मसंयम और परस्पर सहयोग का संदेश देती है। उन्होंने उन शिवभक्तों का भी जिक्र किया, जिनमें कई दिव्यांग होते हैं और कठिनाइयों के बावजूद पूरी श्रद्धा के साथ यात्रा पूरी करते हैं।

कांवड़ियों के लिए किए इंतजाम

सीएम योगी ने बताया कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रदेश में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्गों पर पुष्पवर्षा, स्वच्छता, शिविर, शुद्ध पेयजल, चिकित्सकीय सहायता, शौचालय और प्रकाश की व्यवस्था की गई है। यात्रा को सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक मैनेजमेंट और लगातार निगरानी की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

एंबुलेंस को पहले रास्ता देने की अपील

मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों से पर्यावरण-अनुकूल कांवड़ अपनाने और प्लास्टिक मुक्त जीवन का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर यात्रा के दौरान रास्ते में एंबुलेंस या स्कूल वाहन आए तो उसे पहले रास्ता दिया जाए। पाती के अंत में सीएम योगी ने कहा कि श्रद्धा, अनुशासन, संयम और सेवा की भावना कांवड़ यात्रा की आत्मा है। इस पवित्र परंपरा की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *