पंचकूला के पिंजौर गार्डन में शुरू हुआ 33वां मैंगो मेला, CM नायब सैनी ने किया शुभारंभ

Pinjore Mango Mela 2026: (पंचकूला): हरियाणा के पंचकूला स्थित ऐतिहासिक पिंजौर गार्डन में शुक्रवार को 33वें मैंगो मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मेले का उद्घाटन किया और विभिन्न किस्मों के आमों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा भी मौजूद रहे।

सीएम सैनी ने आम की विभिन्न प्रजातियों का किया निरीक्षण

मेले के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का दौरा किया। उन्होंने देश के अलग-अलग हिस्सों से लाई गई आम की विभिन्न प्रजातियों को देखा और बागवानी तथा कृषि क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागियों से बातचीत भी की। मेले में आम की अनेक लोकप्रिय और दुर्लभ किस्मों का प्रदर्शन किया गया है, जो पर्यटकों और आम प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

तीन दिनों तक चलेगा मैंगो मेला

यह मैंगो मेला तीन दिनों तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आमों की प्रदर्शनी के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, कृषि एवं बागवानी से जुड़ी प्रदर्शनियां और अन्य आकर्षक गतिविधियां भी आयोजित होंगी। बड़ी संख्या में पर्यटकों, किसानों और स्थानीय लोगों के मेले में पहुंचने की उम्मीद है।

पर्यटन और बागवानी को मिलेगा बढ़ावा

पिंजौर गार्डन में आयोजित होने वाला मैंगो मेला हरियाणा के प्रमुख आयोजनों में शामिल है। इस आयोजन का उद्देश्य आम की बेहतर किस्मों को बढ़ावा देना, बागवानी क्षेत्र को प्रोत्साहित करना और राज्य में पर्यटन को नई गति देना है। सरकार का मानना है कि ऐसे आयोजन किसानों को नई तकनीकों और बेहतर प्रजातियों की जानकारी देने के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *