BJP अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार यूपी आए नितिन नवीन, 2027 चुनाव को लेकर होगा बड़ा मंथन

लखनऊ: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार दो दिन के दौरे पर लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनकी अगवानी की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

पार्टी इस दौरे को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी की शुरुआत के तौर पर देख रही है। लखनऊ पहुंचते ही नितिन नवीन ने रोड शो किया। इसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे और पूरे रास्ते उत्साह का माहौल रहा।

नई टीम के साथ पहली बैठक

हाल में बीजेपी ने यूपी के लिए 64 सदस्यीय नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित की है। इस टीम में जाति और क्षेत्र का संतुलन रखा गया है। दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों से मिलकर संगठन की स्थिति, बूथ प्रबंधन और चुनावी तैयारी की समीक्षा करेंगे। साथ ही उनसे सुझाव भी लिए जाएंगे।

कोर ग्रुप की बैठक सबसे अहम

दौरे के दूसरे दिन प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक होगी। बैठक में नितिन नवीन के अलावा सीएम योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और RSS के क्षेत्रीय प्रचारक मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष 98 जिला अध्यक्षों और अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र प्रभारियों से भी संवाद करेंगे। इसके अलावा RSS, VHP और ABVP के पदाधिकारियों के साथ संगठन को मजबूत करने पर चर्चा तय है।

2027 चुनाव पर रहेगा जोर

बैठकों में 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। 2024 लोकसभा चुनाव में यूपी में मिले झटके की समीक्षा कर नए रोडमैप पर काम होगा। बूथ स्तर पर जातीय समीकरणों को दुरुस्त कर माइक्रो प्लानिंग की जाएगी। सरकार और संगठन में बेहतर तालमेल, विपक्ष के प्रचार का जवाब और वोटर संपर्क अभियान को तेज करने पर भी फोकस रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *