NEET UG 2026 री-एग्जाम दोपहर 2 बजे से जारी, 22 लाख छात्र कड़ी सुरक्षा में दे रहे परीक्षा

NEET Exam

नई दिल्लीः NEET UG 2026 री-एग्जाम रविवार को दोपहर 2 बजे से शुरू हो गया है। यह परीक्षा NTA द्वारा कराई जा रही है। यह परीक्षा शाम 5:15 बजे तक चलेगी। पेपर लीक विवाद के बाद रद्द की गई मूल परीक्षा के स्थान पर आयोजित इस री-एग्जाम में देशभर के लगभग 22 लाख छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।

5440 केंद्रों पर हो रही परीक्षा

यह परीक्षा 5,440 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हो रही है। इस बार NTA और सरकार ने अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए हैं। ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लीक की कोई गुंजाइश न रहे। भारतीय वायुसेना (IAF) ने प्रश्न पत्रों के परिवहन के लिए सैकड़ों सॉर्टीज की हैं। हेलीकॉप्टर और ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट से सीलबंद प्रश्न पत्रों को देश के 18 प्रमुख वितरण केंद्रों तक पहुंचाया गया।

सुरक्षा की प्रमुख व्यवस्थाएं

परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए 1.38 लाख से अधिक CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी लाइव फीड AI आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम से नेशनल, स्टेट और मंत्रालय स्तर पर देखी जा रही है। इसके अलावा 51,311 सिग्नल जैमर लगाए गए हैं ताकि मोबाइल, ब्लूटूथ या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल रोका जा सके। हर केंद्र पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, फेसियल रिकग्निशन और सख्त फ्रिस्किंग अनिवार्य है। 2.5 लाख से अधिक सुरक्षा कर्मी, पुलिस, अर्धसैनिक बल और फ्रिस्किंग स्टाफ तैनात किए गए हैंं। प्रश्न पत्र सेट करने वाले विशेषज्ञों को सख्त आइसोलेशन में रखा गया था।

कई राज्यों में फ्री ट्रांसपोर्ट सेवा

कई राज्यों में छात्रों की सुविधा के लिए फ्री ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था की गई है। कुछ राज्यों में अतिरिक्त बसें और विशेष वाहन चलाए जा रहे हैं। छात्रों को परीक्षा केंद्रों पर केवल एडमिट कार्ड और जरूरी दस्तावेज ले जाने की अनुमति है। मोबाइल, स्मार्टवॉच, घड़ी आदि पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। शिक्षा मंत्री ने छात्रों से अपील की है कि वे शांत रहें और पूरी ईमानदारी से परीक्षा दें। NTA का कहना है कि सभी तैयारियां पूर्ण हैं और परीक्षा निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न होगी। यह री-एग्जाम मेडिकल प्रवेश की आकांक्षा रखने वाले लाखों छात्रों के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। पूरे देश की नजर आज इस परीक्षा पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *