शिमला में भारी भूस्खलन से ढली-संजौली बाईपास बंद, मलबे से रास्ता जाम

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में लगातार बारिश के बीच ढली-संजौली बाईपास मार्ग पर बड़ा भूस्खलन हुआ है। पहाड़ी से भारी मलबा और बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरे, जिससे यह अहम बाईपास पूरी तरह बंद हो गया है। मलबे के कारण दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है और लंबा जाम लग गया है।

घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीमें JCB मशीनों के साथ मौके पर पहुंच गई हैं। मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है, लेकिन लगातार हो रही बारिश और ऊपर से गिर रहे पत्थरों के कारण राहत कार्य में दिक्कत आ रही है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़क को पूरी तरह साफ करने में अभी कई घंटे लग सकते हैं।

इस मार्ग के बंद होने से शिमला शहर और ऊपरी इलाकों की तरफ जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। ढली-संजौली बाईपास शिमला में ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए बेहद अहम माना जाता है। इसके बंद होने से शहर के अंदरूनी रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है।

पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

शिमला पुलिस ने तुरंत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल ढली-संजौली बाईपास का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। यात्रियों को अपनी यात्रा वैकल्पिक मार्गों से प्लान करने की सलाह दी गई है। शिमला आने-जाने के लिए लोग पुराने बस स्टैंड, विक्ट्री टनल और लक्कड़ बाजार वाले रूट का इस्तेमाल कर सकते हैं।

प्रशासन ने साफ किया है कि सड़क की स्थिति का लगातार जायजा लिया जा रहा है। जैसे ही मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया जाएगा, जनता को सूचित कर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि मानसून में लगातार बारिश के कारण शिमला समेत पूरे पहाड़ी इलाके में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और पहाड़ी रास्तों पर सावधानी बरतें। आपात स्थिति में पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *