शिमला: हिमाचल प्रदेश में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव 2026 के तहत रविवार को 51 नगर निकायों में मतदान हुआ। चार नगर निगमों (धर्मशाला, सोलन, मंडी और पालमपुर), 25 नगर परिषदों और 22 नगर पंचायतों में कुल 449 वार्डों के लिए 1147 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हुई। नतीजे 31 मई को घोषित किए जाएंगे।
72.42 प्रतिशत पड़े वोट
राज्य के लगभग 3,60,859 मतदाताओं (1,80,963 पुरुष, 1,79,882 महिला) ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार नगर परिषदों और नगर पंचायतों में 72.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि चारों नगर निगमों में 63.61 प्रतिशत मतदान रहा। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चला। पूरे राज्य में मतदान शांतिपूर्ण रहा। कई जगहों पर महिलाओं और युवाओं ने खासा उत्साह दिखाया।
हमीरपुर में सर्वाधिक मतदान
हमीरपुर में सबसे अधिक 78.89 प्रतिशत, शिमला में 77.36 प्रतिशत और ऊना में 77 प्रतिशत मतदान हुआ। मुख्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने बताया कि छोटे निकायों की मतगणना शाम को शुरू हो गई है और परिणाम जल्द घोषित किए जाएंगे। चारों नगर निगमों की मतगणना 31 मई को होगी। दुखद घटना: चंबा में मतदान के दौरान एक दुखद हादसा हुआ। 70 वर्षीय अंजन शर्मा मतदान करने जाते समय दिल का दौरा पड़ने से रास्ते में ही चल बसे। जनसाली वार्ड में यह घटना हुई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
पूर्व सीएम शांता कुमार ने भी डाला वोट
इस चुनाव में पहली बार वोट डालने वाले 1808 युवा मतदाताओं समेत बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार (92) ने भी पालमपुर में वोट डाला। यह चुनाव शहरी विकास, पानी, सड़क, सफाई और स्थानीय मुद्दों को केंद्र में रखकर लड़ा गया। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परिणाम आने के बाद हिमाचल के शहरी निकायों की तस्वीर साफ हो जाएगी। यह चुनाव सीएम सुक्खू के कामकाज की परीक्षा माना जा रहा है।