Pahalgam attack anniversary: नई दिल्ली: भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर बुधवार को आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अपने दृढ़ संकल्प को दोहराते हुए कहा कि भारत के खिलाफ किसी भी कृत्य का जवाब निश्चित तौर पर दिया जाएगा। पिछले साल 22 अप्रैल को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने 26 लोगों की हत्या कर दी थी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। इस जघन्य हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था और दुनिया भर की सरकारों तथा नेताओं ने इसकी कड़ी निंदा की थी।
सेना का सोशल मीडिया संदेश
सेना ने X पर एक पोस्ट में कहा भारत के खिलाफ कृत्यों का जवाब निश्चित तौर पर दिया जाएगा। न्याय जरूर किया जाएगा हमेशा! सिंदूरवर्षगांठ न्याय कायम रहे राष्ट्र सर्वोपरि। पोस्ट के साथ साझा किए गए एक डिजिटल पोस्टर में वर्दी पहने तीन सशस्त्र सैनिक एक बड़े लाल घेरे की पृष्ठभूमि में खड़े दिखाई दे रहे हैं, जिसके कैप्शन में लिखा है “ऑपरेशन सिंदूर जारी है।”
ऑपरेशन महादेव का किया जिक्र
पोस्टर में ऑपरेशन महादेव का भी उल्लेख किया गया है, जो हमले के तुरंत बाद संबंधित आतंकवादियों का पता लगाने और उन्हें मार गिराने के लिए शुरू किया गया था। बरसी की पूर्व संध्या पर सेना ने मंगलवार को कहा था।“जब मानवता की सीमाएं लांघ दी जाती हैं, तो जवाब निर्णायक होता है।”
ऑपरेशन सिंदूर और जवाबी कार्रवाई
निर्णायक सैन्य अभियान शुरू करने के बाद, 6-7 मई 2025 की रात 1:51 बजे सेना ने पोस्ट कर कहा था। “पहलगाम आतंकवादी हमला न्याय मिला! जय हिंद! इसके साथ ऑपरेशन सिंदूर का डिजिटल पोस्टर भी जारी किया गया था। बाद में पाकिस्तान की ओर से भी भारत के खिलाफ हमले किए गए, जिनका जवाब भारत ने “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत दिया। दोनों परमाणु हथियारों से लैस पड़ोसी देशों के बीच लगभग 88 घंटे तक सैन्य संघर्ष चला, जो 10 मई को सहमति बनने के बाद थम गया।
अभियान अभी भी जारी
पिछले एक वर्ष में शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने कई बार जोर देकर कहा है कि “ऑपरेशन सिंदूर” अभी भी जारी है और देश की सैन्य तैयारी चौबीसों घंटे और पूरे साल “बहुत उच्च” स्तर पर बनी रहनी चाहिए।