मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 200 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी, ईवी बेड़ा 4550 तक पहुंचा

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को और अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को 200 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बसों को पूर्वी विनोद नगर डिपो से रवाना किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) में बदलने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है।

ई-बसों का बढ़ता बेड़ा

मुख्यमंत्री के अनुसार, इन 200 बसों के शामिल होने के बाद दिल्ली के कुल बस बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़कर 4,550 हो गई है। वर्तमान में राजधानी में लगभग 6,300 बसें सार्वजनिक परिवहन सेवा में शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान दिल्ली-रोहतक अंतरराज्यीय बस सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई। इसके साथ ही मदनपुर खादर बस टर्मिनल और पूर्वी विनोद नगर डिपो में एक नए भवन का उद्घाटन भी किया गया।

प्रदूषण कम करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-बसें दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को कम करने और स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की इलेक्ट्रिक वाहन नीति देश में सबसे प्रभावी नीतियों में से एक है।

मिशन मोड में ईवी परिवर्तन

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) लगातार नए वाहन जोड़ रहा है और सुविधाओं का विस्तार कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2026 के अंत तक ई-बसों की संख्या 7,000 तक पहुंचाना है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का फोकस बेहतर सरकारी सेवाएं और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित कर एक विकसित दिल्ली बनाने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *