सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना, बोले- पहले की सरकारें गरीबों के बजाय अपने परिवार पर देती थी ध्यान

Yogi Adityanath,

लखनऊ: सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की सरकार केवल अपने परिवार और रिश्तेदारों के बारे में सोचती थी।

90 हजार परिवारों को आवास योजना की पहली किस्त

मुख्यमंत्री राज्य के विभिन्न जिलों के करीब 90 हजार परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2 की पहली किस्त वितरित करने के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले गरीबों को आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाता था, जबकि प्रधानमंत्री द्वारा इसकी घोषणा पहले ही कर दी गई थी।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उस समय प्रदेश सरकार में इस योजना को लागू करने की इच्छाशक्ति की कमी थी। उनके अनुसार जब व्यक्ति स्वार्थ में डूब जाता है तो उसकी संवेदनाएं खत्म हो जाती हैं और वह केवल अपने और अपने परिवार के बारे में सोचता है।

डबल इंजन सरकार में जनता ही परिवार

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद 25 करोड़ जनता ही सरकार का परिवार बन गई और योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना घर हो और प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से देशभर में अब तक 62 लाख से अधिक परिवारों को पक्का मकान मिल चुका है।

इन जिलों के लाभार्थियों को मिली पहली किस्त

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिन 90 हजार परिवारों को पहली किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये दिए जा रहे हैं, उनमें प्रमुख रूप से इन जिलों के लाभार्थी शामिल हैं

  • सहारनपुर: 10,214
  • प्रतापगढ़: 7,991
  • शाहजहांपुर: 4,325
  • फिरोजाबाद: 4,266
  • जालौन: 3,174
  • सीतापुर: 3,078
  • गोरखपुर: 3,063

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले और कोई भी गरीब अपने घर के सपने से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *