सरकारी कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम्’ अनिवार्य, केंद्र सरकार ने जारी किए दिशा-निर्देश

नई दिल्ली केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार अब सरकारी कार्यक्रमों और स्कूलों के आयोजनों में ‘वंदे मातरम्’ बजाया जाएगा और इसके दौरान सभी उपस्थित लोगों को सम्मान में सावधान की मुद्रा में खड़ा होना होगा।

दोनों गीत बजने पर पहले ‘वंदे मातरम्’

नए नियमों के मुताबिक यदि किसी कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रीय गान ‘जन गण मन’ दोनों प्रस्तुत किए जाते हैं, तो ‘वंदे मातरम्’ पहले बजाया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय गान होगा। दोनों अवसरों पर शिष्टाचार का पालन अनिवार्य रहेगा।

अब तक आमतौर पर ‘वंदे मातरम्’ के केवल पहले दो छंद गाए जाते थे, लेकिन नए निर्देशों के तहत छह छंदों वाला पूरा संस्करण बजाया जाएगा, जिसकी अवधि लगभग 3 मिनट 10 सेकंड बताई गई है।

किन अवसरों पर लागू होंगे नियम

गृह मंत्रालय के अनुसार तिरंगा फहराने के समय, राष्ट्रपति और राज्यपाल के आगमन तथा उनके संबोधन से पहले और बाद में, पद्म पुरस्कार जैसे नागरिक सम्मान समारोहों में, सरकारी स्कूलों और अन्य आधिकारिक कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम्’ बजाना अनिवार्य होगा।

हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि ये नियम सिनेमा हॉल पर लागू नहीं होंगे। फिल्म शुरू होने से पहले ‘वंदे मातरम्’ बजाना या दर्शकों का खड़े होना अनिवार्य नहीं रहेगा।

स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ा राष्ट्रीय गीत

‘वंदे मातरम्’ की रचना बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने 1875 में की थी। बाद में यह उनके उपन्यास ‘आनंदमठ’ में शामिल हुआ और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान यह गीत देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक बन गया। समय-समय पर इसके कुछ अंशों को लेकर राजनीतिक और सामाजिक बहस भी होती रही है।

नए दिशा-निर्देशों के माध्यम से केंद्र सरकार ने औपचारिक और राजकीय आयोजनों में इस राष्ट्रीय गीत को अधिक प्रमुखता देने का निर्णय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *