PM Modi Malaysia visit: (कुआलालंपुर): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ व्यापक द्विपक्षीय वार्ता की, जिसमें रक्षा और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने तथा आर्थिक एवं नवाचार साझेदारी को विस्तार देने पर विशेष जोर दिया गया। दोनों नेताओं की बातचीत में रक्षा और सुरक्षा संबंधों को और सुदृढ़ करने पर सहमति बनी। साथ ही आर्थिक सहयोग, नवाचार और सेमीकंडक्टर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने के लिए कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद जताई गई है।
पुतराजाया में औपचारिक स्वागत
वार्ता से पहले रविवार सुबह मलेशिया की प्रशासनिक राजधानी पुतराजाया में प्रधानमंत्री मोदी को औपचारिक स्वागत दिया गया। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई।
भारत मलेशिया के ऐतिहासिक संबंध
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत और मलेशिया के बीच सभ्यतागत, ऐतिहासिक और जन-संबंधों पर आधारित घनिष्ठ रिश्ते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध समय के साथ और मजबूत हुए हैं।
यात्रा का उद्देश्य पहले ही किया था स्पष्ट
प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया रवाना होने से पहले अपने संदेश में कहा था कि यह यात्रा गहन रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने और आर्थिक जुड़ाव को मजबूत करने पर केंद्रित होगी। उन्होंने कहा था कि भारत और मलेशिया के ऐतिहासिक संबंधों में हाल के वर्षों में निरंतर प्रगति हुई है।
व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मिलेगा बल
पीएम मोदी ने कहा था कि उनका लक्ष्य रक्षा और सुरक्षा संबंधों को सुदृढ़ करना, आर्थिक और नवाचार साझेदारी को बढ़ाना तथा नए क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करना है। उल्लेखनीय है कि भारत और मलेशिया ने अगस्त 2024 में अपने द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत किया था।