महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजीत पवार के निधन पर 3 दिन का राजकीय शोक, सीएम फडणवीस ने की घोषणा

मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के प्लेन क्रैश में निधन पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अजीत पवार के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र के लिए आज कठिन दिन है। जमीन से जुड़े नेता को हमने खो दिया। अजित पवार हमारे दमदार और दिलदार मित्र रहे।”

राज्य में सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द

मुख्यमंत्री फडणवीस ने तुरंत तीन दिनों का राजकीय शोक घोषित किया। राज्य में सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे बारामती के लिए रवाना हो चुके हैं, जहां हादसा हुआ। उन्होंने अजित पवार को महाराष्ट्र की राजनीति का मजबूत स्तंभ बताया और कहा कि ऐसी नेतृत्व क्षमता विकसित होने में वर्षों लगते हैं। फडणवीस ने परिवार से बात करने के बाद आगे के कदम तय करने की बात कही।

पीएम मोदी और अमित शाह ने की फडणवीस से बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री फडणवीस से फोन पर बात की और हादसे की जानकारी ली। पीएम मोदी ने अजित पवार को जननेता और मेहनती नेता बताया, जिनका महाराष्ट्र के विकास में बड़ा योगदान रहा।यह हादसा तब हुआ जब मुंबई से बारामती जा रहा अजीत पवार का चार्टर्ड प्लेन (Learjet 45, VT-SSK) सुबह 8:45 बजे लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। विमान में अजित पवार सहित 5 लोग सवार थे। सभी की मौत हो गई। DGCA ने इसकी पुष्टि की। प्लेन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। अजित पवार जिला परिषद चुनाव प्रचार के लिए जा रहे थे।

पूरे राज्य में शोक

इस घटना के बाद शरद पवार, सुप्रिया सुले, सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार दिल्ली से बारामती रवाना हो गए। अस्पताल के बाहर समर्थक रोते-बिलखते देखे जा रहे हैं। विभिन्न नेताओं ने श्रद्धांजलि दी है। हादसे की जांच जारी है।

6 बार रहे डिप्टी सीएम

अजित पवार (66) महाराष्ट्र की राजनीति के कद्दावर चेहरे थे। वह छह बार राज्य के उपमुख्यमंत्री रहे। सहकारिता क्षेत्र में प्रभावशाली नेता रहे। उनका निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। महाराष्ट्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *