CM योगी ने गोरखपुर में किया पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालयी महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर में पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय बास्केटबॉल (महिला) प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में आयोजित हुआ, जहाँ सीएम योगी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल विवरणिका का विमोचन भी किया।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्कृत सूत्र ‘शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्’ से हुई, जिसका अर्थ है कि शरीर ही धर्म साधना का पहला साधन है। मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ जी की पावन धरा गोरखपुर का उल्लेख करते हुए कहा कि यहाँ आयोजित इस प्रतियोगिता में शामिल होकर वे खिलाड़ियों को प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने बास्केटबॉल कोर्ट पर खुद बॉल फेंक कर और बास्केट में डालकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया, जिससे मौजूद खिलाड़ी और दर्शक उत्साहित हो उठे।

जो खेलेगा, वही खिलेगा

सीएम योगी ने अपने संबोधन में जोर दिया कि युवा यदि खेलकूद में सक्रिय होंगे तो नशे और अन्य विकृतियों से दूर रहेंगे। उन्होंने कहा, “जो खेलेगा, वही खिलेगा। खेलों को दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए, न कि केवल औपचारिकता।” उन्होंने सभी विश्वविद्यालयों से अपील की कि वे कम से कम एक खेल को गोद लेकर खिलाड़ियों को तैयार करें। इससे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और युवा ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगेगी।

PM मोदी को सराहा

CM योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेल संस्कृति के पुनरुत्थान की सराहना की। कहाकि 2014 से पहले खेलों को उपेक्षा मिलती थी, लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय स्तर के इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रोत्साहन से नई संस्कृति विकसित हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी कर सकता है और ‘विकसित भारत-2047’ का संकल्प पूरा होगा।

14 राज्यों से 31 विश्वविद्यालयों की टीमें ले रही भाग

प्रतियोगिता में पूर्वी क्षेत्र के 14 राज्यों से कुल 31 विश्वविद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं। यह टूर्नामेंट 15 से 19 जनवरी तक चलेगा। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागी टीमों का हृदय से स्वागत किया और खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

यह आयोजन महिला सशक्तिकरण और खेल भावना को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण कदम है, जो युवाओं को स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *