भारत की हैसियत पूरी दुनिया में बनी श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

(लखनऊ): रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश को विकास और आत्मनिर्भरता के पथ पर ले जाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है। उन्होंने कहा कि पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज भारत की हैसियत पूरी दुनिया में बनी है

सिंह ने यह बातें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लखनऊ में स्थापित राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण और पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और वाजपेयी की प्रतिमाओं के अनावरण के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

महापुरुषों की विरासत और मोदी का योगदान

उन्होंने महापुरुषों की विचारधारा और नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि मोदी जी ने भारत का मस्तक ऊंचा किया और उन्हें दुनिया के 29 देशों का सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा, “इन महापुरुषों ने आजाद भारत को सम्मान और स्वाभिमान दिलाने का कार्य किया। मोदी ने मुखर्जी, उपाध्याय और वाजपेयी के संकल्पों को पूरा करने का कार्य किया।”

अंत्योदय और सशक्त भारत का संदेश

राजनाथ सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन दिया, और उसी आधार पर मोदी जी सशक्त और स्वावलंबी भारत बनाने के लिए सतत प्रयत्नशील हैं। उन्होंने महंगाई दर में कमी और विकास की दर में बढ़ोतरी का भी उदाहरण दिया।

गांव, गरीब और किसानों के लिए मोदी की योजनाएं

रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गांव, गरीब और किसानों के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि मनरेगा योजना के अंतर्गत श्रमिकों को पहले 100 दिन का काम मिलता था, जिसे अब बढ़ाकर 125 दिन का कार्य किया गया है। सिंह ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई और सराहना भी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *